राम मंदिर ट्रस्ट ने निकाली सीईओ की भर्ती…चंदा विवाद के बाद पारदर्शिता पर जोर, 18 जुलाई तक मांगे आवेदन

खबर शेयर करें

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के प्रशासनिक और वित्तीय प्रबंधन को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। ट्रस्ट ने मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद के लिए योग्य उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 18 जुलाई 2026 को शाम 4 बजे तक ईमेल के माध्यम से आवेदन भेज सकते हैं। चयनित सीईओ सीधे ट्रस्ट के महासचिव (जनरल सेक्रेटरी) को रिपोर्ट करेंगे, जबकि उनका वेतन और अन्य सुविधाएं योग्यता एवं आपसी सहमति के आधार पर तय की जाएंगी।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: कुमाऊं विश्वविद्यालय की बड़ी कार्रवाई...59 कॉलेजों को कारण बताओ नोटिस, प्रवेश प्रक्रिया में लापरवाही पर कुलपति नाराज

यह फैसला ऐसे समय लिया गया है जब हाल के दिनों में मंदिर से जुड़े कथित चंदा गबन के आरोपों को लेकर चर्चा हुई थी। हालांकि, ट्रस्ट का कहना है कि नई नियुक्ति का उद्देश्य मंदिर के प्रशासनिक ढांचे को और अधिक मजबूत तथा पारदर्शी बनाना है।

ट्रस्ट द्वारा जारी पात्रता मानदंड के अनुसार, सीईओ पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार की आयु 50 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए। किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (बैचलर्स) डिग्री अनिवार्य होगी। साथ ही किसी बड़े सार्वजनिक संस्थान, सरकारी विभाग, कंपनी या प्रतिष्ठित संगठन में कम से कम 20 वर्ष का प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय अनुभव होना आवश्यक है।

यह भी पढ़ें 👉  डोडा में बादल फटने और भारी बारिश से तबाही, फसलें-बागान बर्बाद, सड़कें बंद होने से कई इलाके कटे

धार्मिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि को भी चयन प्रक्रिया में अहम महत्व दिया गया है। ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवार सनातन हिंदू होना चाहिए तथा नियमित पूजा-पाठ में आस्था रखता हो। वैष्णव परंपरा से जुड़े श्रद्धालुओं, हिंदी और अंग्रेजी भाषा पर अच्छी पकड़ रखने वाले अभ्यर्थियों तथा किसी प्रमुख हिंदू धार्मिक संस्थान में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के रूप में कार्य कर चुके सेवानिवृत्त अधिकारियों को चयन प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाएगी।

सीईओ के चयन के लिए ट्रस्ट ने तीन सदस्यीय विशेष सर्च कमेटी का गठन किया है। इस समिति में सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस प्रदीप कोहली, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी तथा श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट, शिरडी के पूर्व अध्यक्ष सुरेश हावड़े को शामिल किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: मेधावी छात्रों का सम्मान...बियरशिबा स्कूल में 10वीं के टॉपर्स को स्कॉलरशिप और ट्रॉफी

ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी के अनुसार, समिति सभी प्राप्त आवेदनों की विस्तृत जांच करेगी, योग्य उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेगी और अंतिम चयन के लिए तीन नाम ट्रस्ट के समक्ष प्रस्तुत करेगी। ट्रस्ट इनमें से एक उम्मीदवार को राम मंदिर का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त करेगा।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page