चलते ट्रक में आग लगते ही फूटने लगे पटाखे, चालक ने कूदकर बचाई जान, मार्ग पर यातायात रोका
नैनीताल। नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर मंगलवार सुबह पटाखों से भरे ट्रक में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ज्योलीकोट के समीप चलते ट्रक के पिछले हिस्से में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते ट्रक में रखे पटाखे फूटने लगे और सड़क पर लगातार धमाकों से आसपास के लोग दहशत में आ गए। इस दौरान चालक ने ट्रक से उतरकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, पटाखों से भरा ट्रक मंगलवार सुबह हल्द्वानी से ज्योलीकोट की ओर जा रहा था। ज्योलीकोट के पास पहुंचते ही ट्रक के पिछले हिस्से में आग लग गई। आग ने विकराल रूप लिया तो ट्रक में रखे पटाखे एक के बाद एक फूटने लगे। धमाकों की आवाज से मौके पर हड़कंप मच गया। सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में भी दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पटाखों के लगातार फूटने के कारण आग बुझाने में मुश्किलें आईं। दमकल विभाग को भी सूचना दी गई। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी, जिससे सड़क के दोनों ओर यातायात प्रभावित हुआ।
फिलहाल ट्रक में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की कार्रवाई के बाद ही घटना से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

