Nainital: कैंची धाम मेले के लिए मेगा ट्रैफिक प्लान लागू…13 से 16 जून तक कई मार्गों पर डायवर्जन, शटल सेवा से पहुंचेंगे श्रद्धालु

खबर शेयर करें

नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध नीम करौली बाबा के कैंची धाम स्थापना दिवस मेले को लेकर नैनीताल पुलिस और प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक प्लान जारी किया है। 15 जून को आयोजित होने वाले मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए 13 जून से 16 जून तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान विभिन्न जिलों और राज्यों से आने वाले वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों तक भेजा जाएगा, जहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंचाया जाएगा।

प्रशासन के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, दिल्ली-एनसीआर, मुरादाबाद और रामनगर-कालाढूंगी मार्ग से आने वाले वाहनों को नयागांव, लामाचौड़, आरटीओ रोड, तीनपानी और गोलापार होते हुए काठगोदाम की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इन वाहनों को रेलवे स्टेशन काठगोदाम और नगर निगम परिसर में पार्क कराया जाएगा, जहां से शटल बसों की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

रामपुर रोड और बरेली रोड से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को भी तीनपानी तिराहा और गोलापार के रास्ते काठगोदाम भेजा जाएगा। वहीं रोडवेज और रेलमार्ग से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को हल्द्वानी और काठगोदाम से सीधे शटल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  "ये दशक उत्तराखंड का है", हर्षिल में बोले पीएम मोदी

स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए भी अलग व्यवस्था

रामनगर, कालाढूंगी और लालकुआं क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को भीमताल स्थित विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालु शटल सेवा से कैंची धाम पहुंच सकेंगे। वहीं नैनीताल, ज्योलीकोट, धारी और मुक्तेश्वर क्षेत्र से आने वाले वाहनों को भवाली स्थित सैनिटोरियम पार्किंग में रोका जाएगा।

अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खैरना पार्किंग को निर्धारित किया गया है। यहां से भी लगातार शटल सेवाएं संचालित होंगी।

भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध

मेले के दौरान यातायात दबाव को देखते हुए भारी माल वाहनों के संचालन पर कड़ी पाबंदी लगाई गई है। 13 जून को सुबह छह बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसके बाद 14 जून की रात 12:01 बजे से 16 जून की रात 11 बजे तक सभी भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: बीईओ दो दिन से नदारद...सीडीओ ने वेतन रोका, कार्रवाई की संस्तुति

राशन, फल, सब्जी और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को केवल 13 जून की रात 11 बजे से 14 जून की सुबह छह बजे तक ही आवागमन की अनुमति होगी। इसके बाद इन पर भी प्रतिबंध लागू रहेगा।

रोडवेज और केमू बसों के लिए विशेष रूट

13 जून को रोडवेज और केमू बसों का संचालन सामान्य रहेगा, लेकिन 14 जून दोपहर दो बजे से 16 जून दोपहर 12 बजे तक अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जाने वाली बसों को भवाली-कैंची धाम मार्ग से नहीं जाने दिया जाएगा। इन बसों को खुटानी बैंड, रामगढ़ और मुक्तेश्वर होते हुए वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।

दुपहिया वाहनों पर भी रोक

14 जून सुबह आठ बजे से 16 जून शाम चार बजे तक कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी बाइक और अन्य दुपहिया वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। काठगोदाम, कालाढूंगी, विकास भवन भीमताल, नैनीताल और भवाली के प्रमुख चौराहों से दुपहिया वाहनों को आगे नहीं जाने दिया जाएगा।

10 स्थानों से मिलेगी शटल सेवा

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भवाली, भीमताल, खैरना, तल्लीताल, काठगोदाम और हल्द्वानी सहित 10 स्थानों से शटल सेवा संचालित की जाएगी। इसके अलावा भवाली सैनिटोरियम, विकास भवन भीमताल, रेलवे स्टेशन काठगोदाम, रोडवेज-केमू स्टेशन हल्द्वानी और प्रस्तावित आईएसबीटी गोलापार समेत कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  भारत-पाक मैच रद्द, शिखर धवन ने नाम लिया वापस – डब्ल्यूसीएल ने मांगी माफी

कई जगह बनाए गए डायवर्जन प्वाइंट

यातायात को नियंत्रित करने के लिए नयागांव, कालाढूंगी, लामाचौड़, तीनपानी, गोलापार, नारीमन तिराहा, भीमताल, खुटानी, भवाली, खैरना, क्वारब, रामगढ़ और मुक्तेश्वर सहित 35 से अधिक स्थानों पर डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं। पुलिस बल और यातायात कर्मियों की तैनाती कर पूरे रूट की निगरानी की जाएगी।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और शटल सेवाओं का लाभ उठाकर कैंची धाम पहुंचें। इससे न केवल यातायात व्यवस्था सुचारु रहेगी बल्कि श्रद्धालुओं को भी अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page