Lalkuan: मोटाहल्दू के प्राचीन शिव मंदिर में फिर चोरी, घंटा व राहगीर का मोबाइल और पर्स लेकर फरार हुए चोर

खबर शेयर करें

मोटाहल्दू (लालकुआं)। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र की हल्दूचौड़ चौकी अंतर्गत स्थित प्राचीन शिव मंदिर में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आने से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। मंगलवार देर रात अज्ञात चोर मंदिर का घंटा और वहां विश्राम कर रहे एक राहगीर का मोबाइल फोन तथा पर्स चोरी कर फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।

जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे मोटाहल्दू चौराहे के समीप स्थित प्राचीन शिव मंदिर में राजस्थान से आया एक राहगीर रात्रि विश्राम कर रहा था। पीड़ित के मुताबिक रात करीब दो बजे से चार बजे के बीच किसी समय उसका मोबाइल फोन और पर्स गायब हो गया। बुधवार सुबह नींद खुलने पर सामान नहीं मिलने पर उसने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना हल्दूचौड़ चौकी पुलिस को दी गई।

यह भी पढ़ें 👉  National Games: बिना जूतों के जीता ब्रॉन्ज मेडल, सोनिया बनीं संघर्ष और प्रेरणा की मिसाल

बताया जा रहा है कि चोर मंदिर परिसर से एक घंटा भी अपने साथ ले गए। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर में पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो पाया है।

यह भी पढ़ें 👉  पिथौरागढ़ में जंगली मशरूम से परिवार बीमार, चारों की हालत नाजुक

समाजसेवी विक्की पाठक ने कहा कि प्राचीन शिव मंदिर में इससे पहले भी कलश चोरी और दानपात्र चोरी जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बावजूद इसके पुलिस किसी भी मामले में आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी। उन्होंने आशंका जताई कि इन घटनाओं के पीछे नशे की लत से जुड़े असामाजिक तत्वों का हाथ हो सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और राहगीरों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने तथा सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: सरकारी जमीन बेचने का मामला...विधायक बंशीधर भगत के बेटे से 14 साल पहले हुई धोखाधड़ी, पांच भाइयों पर मुकदमा

अब लोगों की निगाहें हल्दूचौड़ चौकी पुलिस पर टिकी हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पूर्व की चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं हो सका, ऐसे में देखना होगा कि पुलिस इस बार चोरों तक पहुंचने और मामले का पर्दाफाश करने में कितनी सफल होती है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page