शादी के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, ‘लुटेरी दुल्हन’ समेत तीन गिरफ्तार

खबर शेयर करें

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले की जैसीनगर पुलिस ने शादी के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए कथित ‘लुटेरी दुल्हन’ समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह ने शादी कराने के नाम पर एक व्यक्ति से 1.20 लाख रुपये वसूले और विवाह के महज तीन दिन बाद दुल्हन घर से नकदी और जेवर लेकर फरार हो गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

दूसरी शादी की तलाश बनी ठगी का कारण

जैसीनगर थाना प्रभारी जे.पी. ठाकुर के अनुसार, महुआखेड़ा पेगवार निवासी नोनीराम पटेल की पहली पत्नी का निधन हो चुका था। इसके बाद वह दूसरी शादी के लिए प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उनका संपर्क एक ऐसे गिरोह से हुआ, जिसने शादी कराने का भरोसा दिलाया।

यह भी पढ़ें 👉  राजधानी पर आतंकी साया!...लाल किला और प्रमुख धार्मिक स्थल निशाने पर, सुरक्षा एजेंसियों का हाई अलर्ट

गिरोह ने कथित तौर पर 1.20 लाख रुपये लेकर बिलासपुर निवासी रुक्मणी चतुर्वेदी से उनकी शादी कराई। लेकिन शादी के सिर्फ तीन दिन बाद रुक्मणी घर में रखे 30 हजार रुपये नकद, चांदी के आभूषण और मंगलसूत्र लेकर फरार हो गई। पीड़ित की शिकायत पर जैसीनगर थाना पुलिस ने 26 जून को धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

यह भी पढ़ें 👉  चमोली हिमस्खलन: अब तक 47 मजदूरों को सुरक्षित निकाला, आठ की तलाश जारी

बिलासपुर से गिरफ्तार हुई आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और एसडीओपी योगेंद्र भदौरिया के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी महिला छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में छिपी हुई है। पुलिस ने वहां दबिश देकर रुक्मणी चतुर्वेदी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरोह के दो और सदस्य भी दबोचे गए

पूछताछ में आरोपी महिला की निशानदेही पर गिरोह के दो अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया। इनमें अरविंद विभार, निवासी अलवर (राजस्थान) सोनू अहिरवार, निवासी दमोह (मध्य प्रदेश), जो गिरोह के लिए वाहन चालक का काम करता था। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

यह भी पढ़ें 👉  ईरान पर अमेरिका के नए प्रतिबंध, होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बढ़ा वैश्विक तनाव

अन्य राज्यों में भी हो सकती है ठगी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने सागर जिले के अलावा मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों में भी शादी के नाम पर कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है। गिरोह के नेटवर्क, अन्य सदस्यों और इसी तरह की वारदातों की जांच जारी है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page