लखनऊ। बैंकॉक से दिल्ली जा रही इंडिगो एयरलाइंस की अंतरराष्ट्रीय उड़ान में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान में सवार एक यात्री की अचानक तबीयत बेहद गंभीर हो गई। हवा में यात्री की बिगड़ती हालत को देखते हुए पायलट ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए विमान को लखनऊ की ओर मोड़ दिया। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमान की मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यात्री को प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, इंडिगो की उड़ान संख्या 6E-1054 ने शनिवार रात करीब 8:15 बजे बैंकॉक से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। विमान को रात करीब 11:10 बजे दिल्ली पहुंचना था। उड़ान के दौरान अचानक एक यात्री की तबीयत बिगड़ने लगी। क्रू मेंबर्स ने तत्काल इसकी जानकारी पायलट को दी। यात्री की गंभीर हालत को देखते हुए पायलट ने बिना देरी किए लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क किया और मेडिकल इमरजेंसी के आधार पर लखनऊ में विमान उतारने की अनुमति मांगी।
एटीसी से अनुमति मिलने के बाद पायलट ने विमान को लखनऊ की ओर मोड़ दिया। रात करीब 10:55 बजे विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। विमान के एयरपोर्ट पर पहुंचते ही पहले से तैयार मेडिकल टीम ने बीमार यात्री की जांच की और प्राथमिक उपचार दिया। हालत गंभीर होने पर यात्री को तत्काल एंबुलेंस से गोमती नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उसका उपचार जारी बताया गया है।
मेडिकल इमरजेंसी के कारण विमान करीब एक घंटे तक लखनऊ एयरपोर्ट पर रुका रहा। इस दौरान अन्य यात्री विमान के भीतर ही रहे। यात्री को अस्पताल भेजने और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद एटीसी से क्लीयरेंस मिलने पर विमान ने रात करीब 12:05 बजे दिल्ली के लिए दोबारा उड़ान भरी। विमान के सुरक्षित रवाना होने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
