मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के प्रतिष्ठित कोस्टल रोड पर रविवार तड़के तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। लोटस जेट्टी के पास बेकाबू हुई एक लग्जरी बीएमडब्ल्यू कार ने सड़क किनारे मौजूद लोगों को रौंद दिया। भीषण हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद मुंबई पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, हादसा रविवार सुबह करीब 5:30 बजे लोटस जेट्टी के पास हुआ। बीएमडब्ल्यू कार मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेज गति से दौड़ रही कार के चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। बेकाबू कार सड़क किनारे खड़े लोगों से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई लोग उछलकर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से घायल चार लोगों को तत्काल नजदीकी नायर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चौथे घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों में 21 वर्षीय शनाय गज्जल और 17 वर्षीय धैर्य सेठ की पहचान हुई है। तीसरे मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अन्य पीड़ितों की पहचान भी जुटा रही है।
हादसे के बाद पुलिस ने आरोपी बीएमडब्ल्यू चालक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। दुर्घटनाग्रस्त कार को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के वक्त चालक शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ के प्रभाव में तो नहीं था। इसके लिए उसका मेडिकल परीक्षण और ब्लड-अल्कोहल टेस्ट कराया जा रहा है।
पुलिस कोस्टल रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। फुटेज के जरिए कार की रफ्तार, हादसे से पहले की स्थिति और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
