Haldwani: एमबीपीजी छात्रसंघ चुनाव से पहले ABVP में बगावत, टिकट मिलते ही बढ़ा घमासान

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। एमबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (एमबीपीजी) के छात्रसंघ चुनाव से पहले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के भीतर टिकट को लेकर खुलकर बगावत सामने आ गई है। अध्यक्ष पद के लिए धीरज बिष्ट को संगठन का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद दूसरे प्रमुख दावेदार आर्यन बेलवाल ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। टिकट वितरण के साथ ही संगठन के भीतर लंबे समय से चल रही खींचतान भी सतह पर आ गई है।

ABVP के प्रांत मंत्री यशवंत पवार की ओर से जारी पत्र में धीरज बिष्ट को अध्यक्ष पद का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया। अध्यक्ष पद के लिए धीरज बिष्ट और आर्यन बेलवाल दोनों दावेदारी कर रहे थे। धीरज के नाम की घोषणा होते ही आर्यन समर्थकों में नाराजगी फैल गई।

शनिवार देर शाम आर्यन बेलवाल के आवास पर विद्यार्थी परिषद से जुड़े बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। कार्यकर्ताओं ने टिकट वितरण पर सवाल उठाते हुए सामूहिक इस्तीफे की पेशकश की। इनमें लालकुआं से जुड़े कार्यकर्ताओं के अलावा गौलापार, एमबीपीजी कॉलेज और हल्द्वानी नगर की कार्यकारिणी से जुड़े पदाधिकारी भी शामिल बताए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: राजधानी में ‘बार बनाम कानून’...देर रात खुले बार में आईजी–एसपी आमने-सामने, एसएसपी ने पहुंचकर कराया बंद

कौशल बिरखानी के मुताबिक विभाग संयोजक निखिल सोनकर और कुमाऊं संयोजक के स्तर के पदाधिकारियों समेत कई कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा देने की बात कही है। जिला संयोजक धीरज गढ़कोटी, मनोज फुलारा, अनिकेत तोमर और पूर्णकालिक कार्यकर्ता हिमानी समेत कई नाम भी सामने आए हैं। कार्यकर्ताओं की ओर से दावा किया गया है कि नगर के साथ एमबीपीजी कॉलेज, महिला महाविद्यालय और आसपास के क्षेत्रों की कार्यकारिणियों ने भी सामूहिक इस्तीफे की पेशकश की है।

नाराज कार्यकर्ताओं का कहना है कि धीरज बिष्ट करीब छह माह पहले संगठन से जुड़े हैं, जबकि आर्यन बेलवाल लंबे समय से विद्यार्थी परिषद के लिए काम कर रहे हैं। उनका आरोप है कि पुराने और सक्रिय कार्यकर्ताओं की दावेदारी को नजरअंदाज कर नए चेहरे को टिकट दिया गया। कार्यकर्ताओं ने साफ कहा है कि यदि संगठन अपने निर्णय पर पुनर्विचार नहीं करता है तो वे आर्यन बेलवाल को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ाएंगे।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल को मिलेगी अस्थायी वेंडर जोन से राहत, 4.07 करोड़ की डीपीआर को शासन की मंज़ूरी

आर्यन बेलवाल ने भी अब निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। उनके इस फैसले के बाद एमबीपीजी छात्रसंघ अध्यक्ष पद का मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। मौजूदा तस्वीर में ABVP के अधिकृत प्रत्याशी धीरज बिष्ट, NSUI के मेहुल साह और निर्दलीय आर्यन बेलवाल के बीच मुकाबला बनता दिखाई दे रहा है।

एमबीपीजी कॉलेज में अध्यक्ष पद को लेकर खींचतान नई नहीं है। छात्रसंघ चुनाव की घोषणा के बाद से ही अलग-अलग दावेदारों के समर्थकों के बीच शक्ति प्रदर्शन और विवाद की स्थिति सामने आती रही है। 11 सितंबर को भी धीरज बिष्ट और आर्यन बेलवाल के समर्थक आमने-सामने आ गए थे। कॉलेज प्रशासन को स्थिति संभालनी पड़ी थी।

इस बीच छात्राओं के लिए 50 प्रतिशत पद आरक्षित किए जाने के कारण ABVP और NSUI की ओर से अन्य पदों पर प्रत्याशियों की घोषणा में भी देरी हो रही है। आरक्षण के मुद्दे पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छिमवाल ने आपत्ति जताते हुए कहा कि चुनाव की घोषणा के बाद आरक्षण लागू करना छात्रों के साथ अन्याय है। उन्होंने दावा किया कि उपसचिव और कोषाध्यक्ष पद की तैयारी कर रहे कई छात्रों का चुनाव प्रचार में काफी पैसा खर्च हो चुका है।

यह भी पढ़ें 👉  IPL में नीतीश राणा पर BCCI का एक्शन, अंपायर से बहस पड़ी भारी, मैच फीस का 25% जुर्माना

वहीं, ABVP के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जयप्रकाश भट्ट ने संगठन में नाराजगी को लेकर कहा कि प्रत्याशी चयन का निर्णय विचार-विमर्श के बाद लिया गया है। उनके अनुसार चयन में सभी तथ्यों को ध्यान में रखा गया है और कार्यकर्ताओं की नाराजगी को बातचीत के जरिए दूर कर लिया जाएगा।

एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की तारीख 29 सितंबर तय की गई है। चुनाव कार्यक्रम सामने आने के साथ ही परिसर में छात्र राजनीति तेज हो गई है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page