Nainital: टेढ़ा गांव की बदहाल सड़कों पर भड़का ग्रामीणों का गुस्सा, राहुल सिंह दरम्वाल ने किया पैदल निरीक्षण

खबर शेयर करें

रामनगर (नैनीताल)। रामनगर क्षेत्र के टेढ़ा गांव में वर्षों से सड़क सुविधा के अभाव और बदहाल मार्गों को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। गांव की समस्याओं को लेकर समाजसेवी राहुल सिंह दरम्वाल ने क्षेत्र का दौरा किया और ग्रामीणों के साथ पैदल चलकर सड़क की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों, वरिष्ठ नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें गांव की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया।

ग्रामीणों ने राहुल सिंह दरम्वाल को बताया कि आज भी उनका गांव विकास के मामले में लगभग दो दशक पीछे है। गांव के कई हिस्सों में अब तक सड़क नहीं पहुंच पाई है, जबकि जहां सड़क बनी भी है वहां उसकी हालत बेहद खराब है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है और बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  भीमताल में मिला बर्ड फ्लू का पहला मामला, पशुपालन विभाग अलर्ट

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति अपनी नाराजगी भी जाहिर की। उनका कहना था कि चुनाव के समय सभी नेता गांव पहुंचते हैं और विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद गांव की समस्याओं को भुला दिया जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि वे कई बार विधायक आवास और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन हर बार बजट की कमी का हवाला देकर उन्हें वापस भेज दिया जाता है।

ग्रामीणों ने कहा कि टेढ़ा गांव के लोग लंबे समय से सड़क सुधार और नई सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे क्षेत्रवासियों में निराशा बढ़ती जा रही है।

वहीं समाजसेवी राहुल सिंह दरम्वाल ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और बुनियादी सुविधाओं के लिए जनता को एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं और इनके लिए संघर्ष करना जरूरी है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: अब पार्षद के घर बायोमेट्रिक से हाजिरी लगाएंगे सफाई कर्मचारी, मेयर गजराज ने दिए आदेश...Video

दरम्वाल ने कहा कि वह लंबे समय से रामनगर क्षेत्र की विभिन्न सड़कों और जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उनके प्रयासों से क्षेत्र की कई सड़कों का निर्माण और सुधारीकरण भी हुआ है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि टेढ़ा गांव की सड़क समस्या को भी संबंधित विभागों और अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि हाल ही में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की सड़कों की स्थिति को लेकर विभागीय अधिकारियों से वार्ता की गई है और लगातार विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी हालात का आकलन किया जा रहा है। उनका कहना है कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: कैबिनेट बैठक आज, उपनल कर्मियों के समान वेतन और नियमितीकरण समेत कई बड़े फैसलों पर नजर

इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों और वरिष्ठ नागरिकों ने राहुल सिंह दरम्वाल की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वह क्षेत्र की समस्याओं को केवल सुनते ही नहीं बल्कि उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास भी करते हैं। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि उनके प्रयासों से टेढ़ा गांव की सड़क समस्या का समाधान जल्द निकलेगा।

निरीक्षण कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रश्मि देवी, वार्ड सदस्य मदन सिंह, आनंद सिंह रावत, कृपाल सिंह रावत, दिनेश सिंह, विनोद रावत, राकेश रावत, पूरन सिंह रावत, जमन सिंह रावत, प्रेम सिंह रावत, प्रीतम सिंह रावत, जगत सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह रावत, जसवंत सिंह रावत, कमल सिंह रावत, भारत सिंह रावत, मनीष रावत, भगत सिंह रावत, राम सिंह रावत, उदय सिंह, करन बिष्ट, कुलदीप बिष्ट, सौरभ छिमवाल, केशव बिष्ट सहित क्षेत्र के दर्जनों ग्रामीण, वरिष्ठ नागरिक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page