आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिकंदरा थाना क्षेत्र के दहतोरा स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति की हत्या कर उसका शव घर के बाथरूम में दफना दिया। इतना ही नहीं, शव को मिट्टी से ढककर ऊपर सीमेंट का फर्श भी बनवा दिया, ताकि किसी को भनक तक न लगे। करीब डेढ़ महीने तक महिला उसी बाथरूम का इस्तेमाल करती रही। मामले का खुलासा तब हुआ, जब पुलिस एक पुराने केस के सत्यापन के सिलसिले में घर पहुंची।
पुलिस के अनुसार, मृतक सुरेंद्र शर्मा (44) की पत्नी रूबी को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि पति के रोज शराब पीकर मारपीट और झगड़े से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
खीर में मिलाईं 20 से अधिक नींद की गोलियां
पुलिस जांच के मुताबिक, 18 मई को रूबी ने सुरेंद्र को खीर में 20 से अधिक नींद की गोलियां मिलाकर खिलाईं। इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को घर के बाथरूम में बने गड्ढेनुमा हिस्से में दबा दिया, ऊपर मिट्टी डालकर मिस्त्री बुलाया और सीमेंट का नया फर्श बनवा दिया।
इसके बाद उसने परिवार और पड़ोसियों को बताया कि सुरेंद्र तीन हजार रुपये लेकर कहीं चले गए हैं और अपना मोबाइल भी घर पर छोड़ गए हैं। बाद में 26 मई को उसने खुद ही जेठ के साथ जाकर पति की गुमशुदगी भी दर्ज करा दी।
पुराने केस के सत्यापन ने खोला राज
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब पुलिस वर्ष 2017 के एक पुराने मामले के सत्यापन के लिए सुरेंद्र के घर पहुंची। पुलिस ने जब सुरेंद्र के बारे में पूछताछ की तो रूबी घबरा गई।
कुछ दिनों बाद उसने अपने जेठ अनिल को घर बुलाकर बताया कि उसने सुरेंद्र की हत्या कर शव बाथरूम में दफना दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम का फर्श खुदवाया। खुदाई में कंकाल बरामद हुआ। मृतक के हाथ में कड़ा और गले में रुद्राक्ष की माला मिलने पर परिजनों ने उसकी पहचान की।
बयान बदलती रही आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद रूबी लगातार अपने बयान बदलती रही। पहले उसने नींद की गोलियां देकर हत्या करने की बात स्वीकार की, बाद में कहा कि पति ने आत्महत्या की थी और घबराकर उसने शव को दफना दिया।
हालांकि पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और परिस्थितियों को देखते हुए हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। पुलिस को संदेह है कि शव को दफनाने और फर्श बनवाने में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका हो सकती है।
पेंशन के पैसे से बढ़ा शक
जांच में यह भी सामने आया कि सुरेंद्र की मां को हर महीने करीब 32 हजार रुपये पेंशन मिलती थी। पेंशन से जुड़े दस्तावेज और डेबिट कार्ड रूबी के पास रहते थे। जून माह में उसने जेठ को पेंशन की राशि नहीं दी और कहा कि पैसे खाते में नहीं आए हैं।
जब अनिल बैंक पहुंचे तो पता चला कि पेंशन खाते में जमा हो चुकी थी और राशि निकाली भी जा चुकी थी। इसके बाद उनका शक और गहरा गया। पूछताछ के दबाव में आखिरकार रूबी ने पूरी घटना का खुलासा कर दिया।
पड़ोसी भी रह गए हैरान
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुरेंद्र शराब पीने का आदी था और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। रूबी सिलाई का काम कर परिवार चलाती थी, लेकिन उसकी कमाई भी सुरेंद्र खर्च कर देता था। पड़ोसियों का कहना है कि उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि मामला हत्या तक पहुंच जाएगा।
पुलिस कर रही हर पहलू की जांच
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात की योजना में किसी और की भूमिका तो नहीं थी। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की पूरी साजिश, साक्ष्यों और अन्य संभावित पहलुओं की गहन जांच में जुटी हुई है।

