Haldwani: 10वीं की छात्रा स्कूल पहुंचने से पहले लापता…घर से लाखों के जेवर और नकदी भी गायब, नाबालिग छात्र के साथ जाने की आशंका

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल की कक्षा 10वीं की छात्रा के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा के परिजनों का आरोप है कि वह घर से अपनी मां के लाखों रुपये मूल्य के सोने के जेवर और 10 हजार रुपये की नकदी लेकर गायब हो गई। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छात्रा की तलाश तेज कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शहर निवासी एक व्यक्ति ने हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि 1 जुलाई की सुबह वह अपनी 15 वर्षीय बेटी को नैनीताल रोड स्थित उसके स्कूल के मुख्य गेट पर छोड़कर गए थे। दोपहर करीब 3:15 बजे छुट्टी के समय जब वह बेटी को लेने स्कूल पहुंचे तो पता चला कि वह पूरे दिन स्कूल आई ही नहीं थी।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में अब तीन जगह वसूला जाएगा लेक ब्रिज टैक्स, सीसीटीवी से होगी निगरानी

यह जानकारी मिलते ही परिजनों के होश उड़ गए। काफी तलाश के बाद भी छात्रा का कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी और कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।

परिजनों के मुताबिक, छात्रा घर से अपनी मां के सोने के चार कड़े, छह अंगूठियां तथा 10 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गई है। चोरी हुए जेवरों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 11 जनवरी

मामले की जांच में जुटी पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में छात्रा एक युवक के साथ स्कूटी पर जाती हुई दिखाई दी। इसके बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि छात्रा शहर के ही एक अन्य विद्यालय में पढ़ने वाले एक नाबालिग छात्र के साथ गई है। दोनों के नाबालिग होने के कारण पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में पत्रकारों का मैत्री मुकाबला, देहरादून YCC ने 107 रनों से दर्ज की शानदार जीत

पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। उत्तर प्रदेश और आसपास के राज्यों में भी छात्रा की तलाश की जा रही है। मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों की खोजबीन जारी है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि छात्रा के स्कूल गेट से लापता होने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें उसकी सकुशल बरामदगी के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं और उम्मीद है कि जल्द ही दोनों का पता लगा लिया जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page