नैनीताल: एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने और वैक्सीन से संबंधित भ्रांतियों को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपांकर डेनियल ने कम्युनिटी मोबिलाइजर, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, एएनएम और आशा फैसिलिटेटरों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर और समुदाय स्तर पर लोगों को एचपीवी वैक्सीन के महत्व की जानकारी दें। विशेष रूप से अभिभावकों और किशोरियों को वैक्सीन से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराने तथा उनकी शंकाओं और भ्रांतियों का समाधान करने पर जोर दिया गया।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपांकर डेनियल ने कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर समुदाय में जागरूकता बढ़ाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से लोगों के साथ लगातार संवाद स्थापित करने और उन्हें प्रमाणिक स्वास्थ्य जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि वैक्सीनेशन को लेकर सकारात्मक वातावरण तैयार हो सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने अभिभावकों से अपील की कि वे एचपीवी वैक्सीन को लेकर किसी भी अफवाह या अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए सही जानकारी प्राप्त कर समय पर उचित निर्णय लेना जरूरी है। वैक्सीन को लेकर किसी भी प्रकार की शंका होने पर सोशल मीडिया या अपुष्ट स्रोतों के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा स्वास्थ्यकर्मी से जानकारी लेने की सलाह दी।
उन्होंने कहा, “आज की जागरूकता ही हमारी बेटियों के कल की सुरक्षा है। एचपीवी वैक्सीन को लेकर किसी सुनी-सुनाई बात, अफवाह या भ्रांति को अपने निर्णय का आधार न बनाएं। डर और भ्रम के बजाय जागरूकता और विश्वास के साथ आगे बढ़ना जरूरी है।”
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने और अधिक से अधिक अभिभावकों तक सही एवं प्रमाणिक जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक मदन मेहरा, कम्युनिटी मोबिलाइजर सरयू नंदन जोशी, दीवान बिष्ट, बसंती, किरण, दीपा और मंजू लोहनी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
