Haldwani: तीनपानी फ्लाईओवर हादसे में तीसरे छात्र की भी मौत, तीन परिवारों में मातम

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। हल्द्वानी के तीनपानी फ्लाईओवर पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे तीसरे छात्र प्रांजय मावड़ी ने भी दम तोड़ दिया। शनिवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शुक्रवार शाम हुए इस हादसे में दो छात्रों की मौके पर ही जान चली गई थी। तीनों किशोरों की मौत से परिवारों में कोहराम मचा है।

पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचे शव, अंतिम संस्कार में नम हुईं आंखें

शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद तीनों छात्रों के शव उनके घर पहुंचे तो स्वजन की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। अपने बच्चों को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। दोपहर बाद तीनों छात्रों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस हादसे ने तीन परिवारों को गहरे दुख में डुबो दिया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में रेड अलर्ट: अगले 24 घंटे अत्यधिक भारी बारिश की आशंका

तेज रफ्तार कार तीनपानी फ्लाईओवर पर हुई दुर्घटनाग्रस्त

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम गौलापार से लालकुआं की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार तीनपानी फ्लाईओवर पर हादसे का शिकार हो गई थी। कार में सवार ऊंचापुल मुखानी निवासी 16 वर्षीय उत्कर्ष धपोला, पुत्र शैलेंद्र सिंह धपोला, और देवलचौड़ खाम निवासी 17 वर्षीय सिद्धांत पाठक, पुत्र रवि मोहन पाठक, की मौत हो गई थी। दोनों छात्र जेईई मेन्स की तैयारी कर रहे थे।

यह भी पढ़ें 👉  भारत–बांग्लादेश रिश्तों में नई शुरुआत, भारतीयों के लिए वीजा सेवाएं बहाल

हादसे में श्याम विहार पीलीकोठी निवासी 16 वर्षीय प्रांजय मावड़ी और पीलीकोठी निवासी 17 वर्षीय भाविका भी घायल हो गए थे। गंभीर रूप से घायल प्रांजय को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल से एक निजी अस्पताल रेफर किया गया था। हालांकि, शनिवार सुबह उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

हादसे में घायल भाविका की हालत खतरे से बाहर

दुर्घटना में घायल भाविका का उपचार डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के बाद से ही क्षेत्र में शोक का माहौल है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: सहकारी समितियों के चुनाव पर हाईकोर्ट की रोक, पुरानी नियमावली से कराने के आदेश

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह? जांच में जुटी पुलिस

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की गति तेज थी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page