Uttarakhand: राजधानी में ‘बार बनाम कानून’…देर रात खुले बार में आईजी–एसपी आमने-सामने, एसएसपी ने पहुंचकर कराया बंद

खबर शेयर करें

देहरादून। शहर में बार संचालकों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। नियमों को धता बताते हुए देर रात तक बार संचालित किए जा रहे हैं, जिन पर कथित तौर पर प्रभावशाली अधिकारियों का संरक्षण भी चर्चा में है। शनिवार देर रात ऐसा ही एक मामला सामने आया, जब एक बार में कार्रवाई के दौरान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ही आमने-सामने आ गए।

जानकारी के अनुसार, शहर के चर्चित “रोमियो लेन” बार में रात करीब 12:30 बजे तक शराब परोसी जा रही थी और तेज संगीत बज रहा था। निर्धारित समय सीमा के उल्लंघन की सूचना मिलने पर एसपी सिटी प्रमोद कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने बार बंद कराने की कार्रवाई शुरू की, वहां मौजूद एक आईजी स्तर के अधिकारी सामने आ गए, जो अपने परिचितों के साथ पार्टी कर रहे थे।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: नशे पर पुलिस का बड़ा प्रहार...16 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ मिशन में तेजी

बताया जा रहा है कि आईजी ने मौके पर ही एसपी सिटी को कार्रवाई रोकने और फोर्स के साथ लौटने को कहा। यह स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण बन गई। मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल स्वयं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और करीब एक बजे बार को बंद कराया। उन्होंने स्टाफ को सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में नियमों का उल्लंघन न करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: बदरीनाथ हाईवे पर मध्यप्रदेश के यात्रियों की कार दुर्घटनाग्रस्त, एक लापता, दो गंभीर घायल

गौरतलब है कि 30 मार्च को ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड के बाद पुलिस प्रशासन ने बार और पब को रात 11 बजे तक बंद करने के सख्त निर्देश दिए थे। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी जारी है। पुलिस ने कई बार-रेस्टोरेंट के सीसीटीवी कैमरों की निगरानी भी अपने नियंत्रण में ली हुई है, जिनके माध्यम से ही इस मामले की जानकारी मिली।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: पुलिस का नशा उन्मूलन अभियान तेज, बनभूलपुरा में नशीले इंजेक्शन के साथ युवक गिरफ्तार

सूत्रों के अनुसार, पूरी घटना बार के सीसीटीवी कैमरों में कैद है। मामले ने पुलिस महकमे के भीतर अनुशासन और जवाबदेही को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि इस प्रकरण में आगे क्या कार्रवाई होती है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page