हल्द्वानी। शहर के ईको टाउन स्थित श्री आनन्दपुर आश्रम के नवनिर्मित सत्संग भवन के शुभ मुहूर्त के अवसर पर सत्संग एवं प्रवचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान भजन, सत्संग और आध्यात्मिक प्रवचनों से माहौल भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे संत-महात्माओं और गुरुजनों ने संगत को ईश्वर भक्ति और आध्यात्मिक मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

डहरिया स्थित अमर गार्डन बैंक्विट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में श्री आनन्दपुर धाम मध्य प्रदेश सहित लुधियाना, चंडीगढ़, पानीपत, जयपुर और नई दिल्ली से संतजन एवं गुरुजन पहुंचे। उन्होंने अपने प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को ईश्वर प्राप्ति, आध्यात्मिक साधना और सत्संग के महत्व के बारे में बताया।
इस अवसर पर हल्द्वानी आश्रम के संस्थापक ज्ञान निर्लेपानंद जी ने उपस्थित संगत को नवनिर्मित सत्संग भवन के शुभ मुहूर्त की बधाई दी। उन्होंने इस आयोजन में शामिल होने पहुंचे संतजनों, गुरुजनों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर सत्संग का लाभ उठाया। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा।

