देहरादून। उत्तराखंड में परिवहन कर्मचारियों की हड़ताल से परेशान यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा के शासकीय आवास पर हुई बैठक के बाद उत्तराखंड परिवहन कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया है। सरकार की ओर से वेतन भुगतान का आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारी नेताओं ने आंदोलन रोकने पर सहमति जता दी। इससे त्योहारी सीजन में बस सेवाएं प्रभावित होने का संकट फिलहाल टल गया है।
बैठक में सरकार की ओर से आश्वासन दिया गया कि कर्मचारियों को अगस्त महीने का वेतन दिवाली से पहले दे दिया जाएगा, जबकि सितंबर महीने का वेतन नवंबर के अंत तक जारी किया जाएगा। इसी आश्वासन के बाद यूनियन ने हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया।
परिवहन कर्मचारी यूनियन के प्रदेश महामंत्री अशोक चौधरी ने बताया कि हड़ताल एक दिसंबर तक स्थगित की गई है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार के साथ हुई वार्ता के बाद यह फैसला लिया गया है।
हड़ताल स्थगित होने के बाद कर्मचारियों को शनिवार देर शाम से बसों का संचालन शुरू करने के लिए ड्यूटी पर बुलाया गया है। इससे यात्रियों को राहत मिलने के साथ ही परिवहन व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह से शुरू हुई कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार शाम तक जारी रही। दो दिनों तक बसों का संचालन प्रभावित रहने से उत्तराखंड परिवहन निगम को करोड़ों रुपये के राजस्व नुकसान का सामना करना पड़ा। फिलहाल हड़ताल टलने से सरकार और परिवहन निगम ने राहत की सांस ली है। अब कर्मचारियों की नजर सरकार की ओर से किए गए वेतन भुगतान के वादे पर टिकी है।

