लग्जरी होटल में मौत का करंट…स्विमिंग पूल में डूबा हाई वोल्टेज करंट, दो विदेशी नागरिकों की मौत

खबर शेयर करें

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक नामी लग्जरी होटल में स्विमिंग पूल के भीतर करंट उतरने से बड़ा हादसा हो गया। शुक्रवार शाम होटल के तीसरे मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में अचानक बिजली का करंट फैलने से जर्मनी और स्लोवाकिया के दो विदेशी नागरिकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के दौरान दोनों को बचाने पहुंचे एक अमेरिकी नागरिक और होटल के भारतीय कर्मचारी भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

मृतकों में लुफ्थांसा एयरलाइंस का क्रू मेंबर और IBM का प्रोजेक्ट मैनेजर शामिल

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान 57 वर्षीय जर्मन नागरिक अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थीस और 45 वर्षीय स्लोवाकियाई नागरिक जुराज होर्वाट के रूप में हुई है। अलेक्जेंडर प्रतिष्ठित लुफ्थांसा एयरलाइंस में क्रू मेंबर थे, जबकि जुराज आईटी कंपनी IBM में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।

यह भी पढ़ें 👉  अमेरिका में अवैध रूप से ट्रक चला रहे 30 भारतीय गिरफ्तार, जल्द होगा निर्वासन

जानकारी के अनुसार, दोनों विदेशी मेहमान शुक्रवार शाम होटल के रूफटॉप एरिया में स्थित तीसरी मंजिल के स्विमिंग पूल में तैराकी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पूल के पानी में बिजली का करंट फैल गया और दोनों उसकी चपेट में आ गए।

जान बचाने पहुंचे अमेरिकी मेहमान और भारतीय कर्मचारी भी झुलसे

पूल में दोनों विदेशी नागरिकों को तड़पता देखकर मौके पर अफरातफरी मच गई। इस दौरान होटल में ठहरे 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डेसैंटिस और 28 वर्षीय भारतीय पूल अटेंडेंट राहुल तिवारी उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़े।

लेकिन दोनों को पानी से बाहर निकालने की कोशिश में वे भी बिजली के करंट की चपेट में आ गए। घटना के बाद तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई गई और घायलों को नजदीकी मणिपाल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: निर्माणाधीन बिल्डिंग से मिला नेपाली मूल के मजदूर का कंकाल, लंबे समय से चल रहा था बीमार

25 हजार रुपये से ज्यादा है एक रात का किराया, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

यह हादसा हिल्टन ग्रुप के प्रतिष्ठित लग्जरी होटल कॉनराड बेंगलुरु में हुआ है। करीब 24 मंजिला इस होटल में एक सामान्य कमरे का किराया भी 25 हजार रुपये से अधिक बताया जा रहा है।

इतने बड़े और महंगे होटल के स्विमिंग पूल में बिजली का करंट फैलने की घटना ने होटल की विद्युत सुरक्षा, नियमित रखरखाव और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह भी है कि आखिर पूल तक बिजली का करंट कैसे पहुंचा और समय रहते इस खतरे का पता क्यों नहीं चल पाया?

यह भी पढ़ें 👉  शराब के नशे में साले का कत्ल, बहनोई ने दोस्त संग मिलकर रेत में दबाया शव

हादसे के बाद एक महीने के लिए बंद किया गया स्विमिंग पूल

घटना के बाद होटल के स्विमिंग पूल को 31 अक्टूबर से 30 नवंबर तक रखरखाव कार्यों के चलते बंद रखने का नोटिस जारी किया गया है। हालांकि, होटल प्रबंधन की ओर से हादसे के कारणों और सुरक्षा संबंधी सवालों पर अब तक कोई विस्तृत आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

पुलिस ने दर्ज किया आपराधिक लापरवाही का मामला

पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आपराधिक लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए फॉरेंसिक टीम और इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टरेट की मदद ली जा रही है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page