ड्यूढार गांव में पारिवारिक जमीन को लेकर हुआ विवाद, मारपीट के बाद तमंचे से फायरिंग, घायल चाचा अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी
सितारगंज (ऊधम सिंह नगर )। उत्तराखंड के सितारगंज क्षेत्र में जमीन के विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। ड्यूढार गांव में शनिवार सुबह चाचा और भतीजे के बीच पारिवारिक जमीन को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गई। आरोप है कि भतीजे ने अपने चाचा पर तमंचे से गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली चाचा के हाथ को छूते हुए निकल गई और उनकी जान बच गई। घटना में उनके हाथ में मामूली चोट आई है।
लंबे समय से चल रहा था जमीन को लेकर विवाद
जानकारी के अनुसार, ड्यूढार गांव निवासी प्रभदीप सिंह और उसके चाचा इंद्रजीत सिंह के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इंद्रजीत सिंह, प्रभदीप के भाई लवदीप के हिस्से की जमीन पर खेती करता था। इसी जमीन को लेकर परिवार में काफी समय से तनातनी बनी हुई थी।
पानी लगाने पहुंचे चाचा से हुई कहासुनी, फिर चली गोली
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह इंद्रजीत सिंह ठेके की जमीन पर पानी लगाने गया था। इसी दौरान पारिवारिक जमीन को लेकर चाचा-भतीजे के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी।
आरोप है कि इसी दौरान प्रभदीप सिंह ने तमंचा निकालकर अपने चाचा इंद्रजीत सिंह पर फायर झोंक दिया। गोली उनके हाथ को छूते हुए निकल गई। अचानक हुई फायरिंग से गांव में हड़कंप मच गया। घायल इंद्रजीत को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
फायरिंग की सूचना मिलते ही सरकड़ा चौकी इंचार्ज दीपक कौशिक पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में एसएसआई जावेद मलिक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

