लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में रिश्ते की रंजिश ने एक व्यक्ति की जान ले ली। गोला थाना क्षेत्र के शिवपुर सांडा गांव में 45 वर्षीय सलीम की घर में घुसकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को आरोपी दानिश कथित तौर पर सलीम के घर पहुंचा और उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सलीम किसी तरह घर से बाहर निकले, लेकिन सड़क पर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, सलीम की बेटी जीनत का निकाह फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के हजरजपुर निवासी दानिश के साथ तय हुआ था। आरोप है कि निकाह से पहले दहेज की मांग को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद सलीम ने यह रिश्ता तोड़ दिया। बाद में उन्होंने बेटी का रिश्ता दूसरी जगह तय कर दिया था।
परिवार का आरोप है कि रिश्ता टूटने के बावजूद दानिश और जीनत के बीच बातचीत जारी थी। दानिश को आशंका थी कि सलीम के रहते उसकी शादी जीनत से नहीं हो पाएगी। इसी रंजिश में उसने सलीम की हत्या कर दी।
घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी महक शर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी दानिश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से गांव में दहशत का माहौल है। वहीं मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।

