खेत में धान की रोपाई के दौरान कहर बनकर गिरी बिजली, दो मजदूरों की मौत, तीन महिलाएं झुलसीं

खबर शेयर करें

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में बुधवार सुबह आकाशीय बिजली ने खेत में काम कर रहे मजदूरों पर कहर बरपा दिया। मझोला थाना क्षेत्र के गांगन वाली मैनाठेर गांव में धान की रोपाई कर रहे मजदूर तेज बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े हुए थे, तभी अचानक बिजली गिरने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार, गांगन वाली मैनाठेर गांव निवासी बिलाल के खेत में बुधवार सुबह धान की रोपाई का कार्य चल रहा था। खेत में संतराम (30), विनीता (21), सपना, देवांशी और कामिनी समेत कई मजदूर काम कर रहे थे। सुबह करीब नौ बजे मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी मजदूर पास में स्थित एक पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए।

यह भी पढ़ें 👉  अनोखा प्रेम विवाह: हेमा बनी हेमंत, सहेली पूजा से रचाई शादी, परिवार ने ढोल-नगाड़ों के साथ किया स्वागत

इसी दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली सीधे पेड़ के पास आ गिरी। बिजली गिरते ही वहां मौजूद मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद खेत में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना देने के साथ सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

यह भी पढ़ें 👉  कश्मीर घाटी में भूकंप से दहशत, सुबह-सुबह धरती हिली

अस्पताल में दो को मृत घोषित किया गया

घायलों को इलाज के लिए साईं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने संतराम (30) और विनीता (21) को मृत घोषित कर दिया। वहीं सपना, देवांशी और कामिनी का उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों झुलसी महिलाओं की हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सीओ सिविल लाइंस अभिनव द्विवेदी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें

बुधवार सुबह से जारी तेज बारिश ने जिले में जनजीवन भी प्रभावित कर दिया। शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जबकि हाईवे पर पानी भरने और दृश्यता कम होने से यातायात प्रभावित रहा। ग्रामीण क्षेत्रों के कई गांवों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें 👉  अल्मोड़ा: 'पुष्पा' स्टाइल में हो रही थी लीसे की अवैध तस्करी, ट्रक के केबिन से बरामद हुए 160 टिन, एक गिरफ्तार

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page