फर्जी पिज्जा ऑर्डर बना मौत का जाल, अमेरिका में तेलंगाना के युवक की गोली मारकर हत्या

खबर शेयर करें

न्यूयॉर्क/फिलाडेल्फिया। अमेरिका के फिलाडेल्फिया शहर में तेलंगाना के 28 वर्षीय भारतीय युवक अंशुल कुंचा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना ने भारतीय समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों का आरोप है कि अंशुल को एक फर्जी पिज्जा डिलीवरी ऑर्डर के बहाने सुनसान इलाके में बुलाया गया और फिर सुनियोजित तरीके से उनकी हत्या कर दी गई।

जानकारी के अनुसार अंशुल पिछले चार वर्षों से अमेरिका में रह रहे थे। वह एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत थे और अतिरिक्त आय के लिए सप्ताहांत में पिज्जा डिलीवरी का पार्ट-टाइम काम भी करते थे।

बताया जा रहा है कि शनिवार रात उन्हें एक पिज्जा डिलीवरी ऑर्डर मिला, जिसका पता फिलाडेल्फिया के एक सुनसान क्षेत्र का था। जब अंशुल निर्धारित स्थान पर पहुंचे तो अज्ञात हमलावर ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमलावर ने उनके सिर पर कई गोलियां दागीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: अरुणाचल में शहीद हुआ रुद्रप्रयाग का वीर सपूत, हवलदार रविन्द्र सिंह राणा ने दिया सर्वोच्च बलिदान

घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। परिवार का दावा है कि हत्या के बाद अंशुल का कोई सामान नहीं लूटा गया। उनका मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान सुरक्षित मिले हैं। ऐसे में परिजन इसे सामान्य लूटपाट की घटना मानने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि अंशुल को जानबूझकर निशाना बनाया गया और पूरी वारदात पूर्व नियोजित लगती है।

अंशुल की बहन तन्वी कुंचा ने बताया कि पिज्जा डिलीवरी का ऑर्डर एक जाल था। जिस स्थान पर उन्हें बुलाया गया, वहां कोई ग्राहक मौजूद नहीं था। बाद में जांच में सामने आया कि ऑर्डर फर्जी था और अंशुल को वहां केवल हत्या के उद्देश्य से बुलाया गया था। उन्होंने बताया कि घटना के समय इलाके में बैग लिए दो नकाबपोश लोगों को भी देखा गया था, जिससे साजिश की आशंका और गहरा गई है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में बवाल, अपहरण के आरोप, पुलिस छावनी में तब्दील शहर...Video

परिवार ने यह भी खुलासा किया कि अंशुल पहले भी अमेरिका में लूटपाट की एक घटना का शिकार हो चुके थे। उस समय बदमाशों ने उनकी सोने की चेन, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली थी, हालांकि तब उन्हें कोई शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा था।

अंशुल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने अमेरिकी प्रशासन से शव को जल्द भारत भेजने की मांग की है ताकि उनका अंतिम संस्कार किया जा सके। बहन तन्वी ने भावुक अपील करते हुए कहा कि विदेश भेजने से पहले माता-पिता को सुरक्षा और अन्य पहलुओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

यह भी पढ़ें 👉  Gold-Silver Price Crash: सोना-चांदी में ऐतिहासिक गिरावट, एक दिन में निवेशकों को तगड़ा झटका

इस बीच, भारत का न्यूयॉर्क स्थित महावाणिज्य दूतावास ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। दूतावास ने कहा है कि वह स्थानीय प्रशासन और परिवार के संपर्क में है तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

अंशुल कुंचा की असमय मौत से अमेरिका में रह रहे तेलुगु समुदाय और तेलंगाना के उनके पैतृक क्षेत्र में शोक की लहर है। परिवार, मित्र और परिचित न्याय की मांग कर रहे हैं तथा हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जता रहे हैं।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page