Uttarakhand: THDC की निर्माणाधीन टनल में मलबा-पानी घुसा, 13 मजदूर सुरक्षित निकाले गए…रेस्क्यू अभियान जारी

खबर शेयर करें

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में गुरुवार शाम निर्माणाधीन टीएचडीसी टनल में मलबा और पानी भरने से हड़कंप मच गया। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टनल में हादसे के समय काम कर रहे 18 से 19 लोगों के फंसने की प्रारंभिक सूचना मिली। घटना के बाद जिला प्रशासन समेत एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना, पुलिस और अन्य एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं। अब तक 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि शेष लोगों की तलाश और रेस्क्यू अभियान जारी है।

घटना गुरुवार शाम करीब 7:05 बजे हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में अचानक मलबा और पानी भर गया। निर्माण कार्य एचसीसी कंपनी द्वारा कराया जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने बिना देर किए बचाव अभियान शुरू कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल को मिलेगी अस्थायी वेंडर जोन से राहत, 4.07 करोड़ की डीपीआर को शासन की मंज़ूरी

जिलाधिकारी खुद मौके पर पहुंचे

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन की कमान संभालते हुए अधिकारियों से लगातार जानकारी लेते रहे। उन्होंने मौके पर मौजूद बचाव दलों को पूरी तत्परता और आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए।

प्रशासन के अनुसार, टनल में फंसे लोगों में से 13 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। शेष लोगों तक पहुंचने के लिए बचाव दल लगातार प्रयास कर रहे हैं। घटनास्थल पर आवश्यक संसाधन और उपकरण भी जुटाए जा रहे हैं।

सेना और एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की टीमें जुटीं

रेस्क्यू अभियान में जिला प्रशासन और पुलिस के साथ एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी और सेना की टीमें भी शामिल हैं। इसके अलावा डीआईआरएफ और सीआईएसएफ के जवान भी मौके पर बचाव कार्य में जुटे हैं। टनल में मलबा और पानी होने के कारण बचाव दल सावधानी के साथ आगे बढ़ रहे हैं। प्रशासन की ओर से घटनास्थल की लगातार निगरानी की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  गौशाला में आग लगने से युवक की मौत, फॉरेंसिक टीम ने की जांच...गांव में शोक

मुख्यमंत्री धामी ने दिए युद्धस्तर पर अभियान के निर्देश

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी टनल में मलबा और पानी आने की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए भेजा गया है। उन्होंने जिला प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

धामी ने कहा कि वह स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और घटना की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है और इसके लिए सभी आवश्यक संसाधन लगाए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  सीडीओ का हल्द्वानी ब्लॉक में छापा, गैरहाजिर कर्मचारी पर कार्रवाई, मेडिकल अवकाश पर गए VDO पर सख्ती

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए और प्रभावित लोगों तथा उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना भी की।

फिलहाल प्रशासन की निगरानी में रेस्क्यू अभियान जारी है। 13 लोगों के सुरक्षित बाहर निकाले जाने के बाद अब बचाव दलों का पूरा फोकस टनल में फंसे शेष लोगों को सुरक्षित निकालने पर है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page