Haldwani: स्मार्ट मीटर और बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, CM धामी का पुतला फूंका

खबर शेयर करें

हल्द्वानी: स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिलों और लगातार हो रही बिजली कटौती के विरोध में शनिवार को हल्द्वानी के बुद्ध पार्क तिकोनिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्तराखंड सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन कर सरकार और ऊर्जा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उनका कहना था कि पहले जहां सामान्य बिजली बिल आते थे, वहीं अब कई उपभोक्ताओं को कई गुना अधिक बिल मिल रहे हैं, जिससे मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।

यह भी पढ़ें 👉  धराली आपदा: खराब मौसम से हेली रेस्क्यू प्रभावित, लिमचीगाड़ वैली ब्रिज तैयार...Video

युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड जैसे ऊर्जा उत्पादन करने वाले राज्य में भी लोगों को घंटों बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था जनता के हित में नहीं, बल्कि लोगों पर अतिरिक्त बोझ डालने का माध्यम बन गई है। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  कमर्शियल गैस सिलेंडर आज से हुआ सस्ता, घरेलू सिलेंडर के दाम बरकरार

कांग्रेस नेता राजेंद्र बिष्ट और संदीप भसोड़ा ने मांग की कि सरकार स्मार्ट मीटर योजना पर तत्काल रोक लगाए, उपभोक्ताओं को भेजे गए कथित मनमाने बिजली बिलों की समीक्षा करे और प्रदेश में हो रही बिजली कटौती पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन करेगी।

यह भी पढ़ें 👉  धराली आपदा : लापता लोगों की संख्या 42 पहुंची, खीर गंगा का जलस्तर बढ़ने से दहशत

प्रदर्शन में जसविंदर भसीन, इशाक खान, रेखा जाटव, फरमान अली, सचिन राठौर, अन्नू वाल्मीकि, सुशील राय, कृष्णा हलदर, मनोज कुमार, नवल आर्या, गंगा राम आर्या समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page