Uttarakhand: मेडिकल कॉलेज की मेस में बड़ा विवाद…MBBS छात्रों को परोसी गई कीड़ों वाली सब्जी, मचा हंगामा

खबर शेयर करें

देहरादून। दून मेडिकल कॉलेज की मेस व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। एमबीबीएस छात्रों को डिनर में कथित तौर पर कीड़ों वाली सब्जी परोसने का मामला सामने आने के बाद छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया। मामला सामने आते ही मेस में हंगामा शुरू हो गया और कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे।

जानकारी के अनुसार घटना बुधवार रात की है, जब छात्र तय समय पर मेस में भोजन करने पहुंचे थे। डिनर में सफेद मटर की सब्जी बनाई गई थी और मेस कर्मचारियों ने छात्रों को खाना परोसना शुरू कर दिया। करीब 20 छात्र खाना लेकर टेबल पर बैठ गए और भोजन करने लगे।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: निर्माणाधीन बिल्डिंग से मिला नेपाली मूल के मजदूर का कंकाल, लंबे समय से चल रहा था बीमार

बताया जा रहा है कि सब्जी में बड़ी संख्या में काले रंग के कीड़े मौजूद थे, लेकिन शुरुआत में छात्रों ने उन्हें मसाले में पड़े जीरे का हिस्सा समझ लिया और खाना खा लिया। बाद में अन्य छात्रों ने जब खाना लिया तो उन्हें सब्जी में कुछ संदिग्ध दिखाई दिया। ध्यान से देखने पर पता चला कि सब्जी में बड़ी संख्या में कीड़े मौजूद हैं।

मामले की जानकारी मिलते ही छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में छात्र मेस में एकत्रित हो गए और मेस प्रबंधन के खिलाफ विरोध शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख मेस संचालक ने तत्काल दूसरी सब्जी तैयार कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्रों को दोबारा भोजन परोसा गया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में कई बार घूम चुकी है पाक जासूसी की आरोपी यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा, एजेंसियां सतर्क

उधर, जिन छात्रों ने पहले से वह भोजन खा लिया था, उन्हें जब इस बात का पता चला तो कई छात्रों को घबराहट और उल्टियां होने लगीं। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी छात्र की तबीयत गंभीर रूप से खराब नहीं हुई। कॉलेज प्रशासन छात्रों की स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

इस घटना के बाद मेस व्यवस्था को लेकर छात्रों का आक्रोश और बढ़ गया। आरोप है कि मेस विवाद और बुधवार की घटना के बाद शुक्रवार सुबह छात्रों को नाश्ता भी उपलब्ध नहीं कराया गया। छात्र जब मेस पहुंचे तो वहां गेट बंद मिला। जानकारी लेने पर पता चला कि उस दिन खाना तैयार ही नहीं किया गया था। इसके बाद छात्रों को बाहर जाकर भोजन करना पड़ा, जिससे नाराजगी और बढ़ गई।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: फिर महंगी हुई बिजली, फरवरी में 4 से 15 पैसे प्रति यूनिट तक बढ़ोतरी

मामले में कॉलेज प्रशासन का पक्ष जानने के लिए प्राचार्य डॉ. गीता जैन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन बंद मिला।

वहीं डॉ. अजय आर्य ने कहा कि घटना की जानकारी तलब की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेस में इस तरह की लापरवाही छात्रों की सेहत के साथ खिलवाड़ है और मामले की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page