कॉक्स बाजार। बांग्लादेश के दक्षिण-पूर्वी तटीय जिले कॉक्स बाजार में शनिवार तड़के एक समुद्र तटीय रिसॉर्ट में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य झुलस गए। हादसा इनानी क्षेत्र में मरीन ड्राइव पर पटुआरटेक बीच के पास स्थित ‘टुपटुप रेस्टो एंड रिसॉर्ट’ में सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। दमकल विभाग के प्रवक्ता तल्हा बिन जासिम ने दोपहर में 10 लोगों की मौत की पुष्टि की।
बांस और लकड़ी से बनी इमारत कुछ ही देर में राख
दमकल अधिकारियों के मुताबिक, तीन मंजिला रिसॉर्ट का निर्माण मुख्य रूप से बांस, फूस और लकड़ी जैसी ज्वलनशील सामग्री से किया गया था। इसके चलते आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरी इमारत लपटों की चपेट में आ गई। कॉक्स बाजार दमकल विभाग के उप सहायक निदेशक सैयद मुहम्मद मोर्शेद हुसैन ने बताया कि दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तब तक इमारत बुरी तरह जल चुकी थी। रिसॉर्ट मुख्य शहर के कोलाटोली क्षेत्र से करीब 29 किलोमीटर दूर स्थित था।
हादसे के समय रिसॉर्ट में सो रहे थे करीब 30 लोग
जानकारी के अनुसार, आग लगने के समय रिसॉर्ट में करीब 30 पर्यटक और कर्मचारी मौजूद थे। इनमें से अधिकांश लोग सो रहे थे। अचानक आग और धुएं के फैलने से वहां अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि केवल चार से पांच लोग ही किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचा सके।
कॉक्स बाजार सदर अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर सबुकतागिन महमूद सोहेल के अनुसार, घायलों में पांच लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। वहीं, एक व्यक्ति खिड़की से कूदने के कारण घायल हुआ था, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
रसोई से आग लगने की आशंका, DNA जांच से होगी शवों की पहचान
हादसे में बरामद शव बुरी तरह जल गए हैं, जिससे मृतकों की पहचान करने में परेशानी आ रही है। कॉक्स बाजार के उपायुक्त ए. मन्नान के मुताबिक, शवों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए परिजनों को सौंपने से पहले डीएनए सैंपल लिए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग रिसॉर्ट की रसोई में गैस सिलेंडर या चूल्हे से लगी होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन और दमकल विभाग की तकनीकी टीम मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारणों का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।

