पिथौरागढ़। जिले के गंगोलीहाट क्षेत्र में धर्म परिवर्तन के कथित दबाव और उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है। क्षेत्र के एक युवक ने दिल्ली निवासी एक महिला और उसके परिजनों पर प्रेम संबंध के बहाने धोखे से विवाह, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने, मारपीट और धमकाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने युवक की तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गंगोलीहाट थाना क्षेत्र के ग्राम बोकटा, पोस्ट चौनाला निवासी विवेक सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि कुछ वर्ष पहले उसकी मुलाकात यास्मीन नाम की एक युवती से हुई थी। उसके अनुसार युवती स्वयं को सनातन धर्म और हिंदू परंपराओं में आस्था रखने वाली बताती थी तथा मंदिरों में भी उसके साथ जाती थी। इसी कारण उसने उस पर विश्वास किया और दोनों के बीच निकटता बढ़ी।
विवेक का आरोप है कि बाद में उसे पता चला कि युवती मुस्लिम समुदाय से संबंध रखती है। यह जानकारी मिलने के बाद उसने विवाह से इनकार कर दिया था। युवक का कहना है कि इसके बाद युवती के परिजनों ने उसे भरोसा दिलाया कि विवाह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार होगा और उस पर किसी प्रकार का धार्मिक दबाव नहीं डाला जाएगा।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि बाद में परिस्थितियां बदल गईं और उसके नाम से कथित तौर पर निकाहनामा तैयार कर लिया गया। साथ ही उसकी पहचान बदलकर अन्य नामों से दस्तावेज तैयार करने का प्रयास किया गया। युवक का कहना है कि उसे दिल्ली में परिवार से दूर रखा गया और मानसिक, सामाजिक तथा आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
युवक ने आरोप लगाया है कि इस दौरान यास्मीन, उसके पिता साकिर अली, माता सज्जो बानो तथा अन्य लोगों ने उस पर इस्लाम धर्म स्वीकार करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी गईं। तहरीर में धार्मिक भावनाएं आहत करने और उसके धार्मिक विश्वासों का उपहास उड़ाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
विवेक सिंह ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके पुत्र का खतना उसकी जानकारी और सहमति के बिना कराया गया तथा बच्चे का नाम बदलकर दस्तावेज तैयार किए गए। उसने दावा किया कि 14 अप्रैल और 5 मई 2026 को उसके साथ मारपीट भी की गई।
युवक के अनुसार लगातार बढ़ते दबाव और उत्पीड़न के बीच वह 8 मई को अपने बच्चे के साथ वहां से निकलकर गंगोलीहाट पहुंचा। हालांकि उसके आरोप हैं कि इसके बाद भी धमकियों का सिलसिला जारी रहा। उसने आरोप लगाया कि फिरोज नाम का व्यक्ति उसके घर तक पहुंचा और धर्म परिवर्तन नहीं करने पर परिवार को जान से मारने तथा बच्चे को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।
तहरीर में युवक ने आशंका जताई है कि इस पूरे मामले के पीछे संगठित रूप से धर्म परिवर्तन कराने वाले किसी नेटवर्क की भूमिका हो सकती है। उसने पुलिस से मामले से जुड़े सभी व्यक्तियों, संभावित सहयोगियों और वित्तीय स्रोतों की भी जांच कराने की मांग की है।
युवक ने स्वयं, अपने बच्चे और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की भी मांग उठाई है। उसका कहना है कि वर्तमान में वह और उसका परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
गंगोलीहाट थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी कैलाश जोशी ने बताया कि युवक की तहरीर के आधार पर दिल्ली निवासी साकिर अली, यास्मीन, सज्जो बानो, परवेज और फिरोज के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, कूट रचना, धमकी और धर्म परिवर्तन से संबंधित प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। आरोपों की सत्यता की पुष्टि साक्ष्यों और जांच के आधार पर की जाएगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

