नैनीताल: घर के पास से महिला को उठा ले गया तेंदुआ, गांव में दहशत

खबर शेयर करें

नैनीताल। जिले के धारी ब्लॉक की ग्राम पंचायत दीनी तल्ली के तोक धुरा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल जा रही हेमा देवी पत्नी गोपाल सिंह को तेंदुआ घर के पास से उठा ले गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला के देवर ने तेंदुए को हेमा देवी को जबड़े में दबाकर जंगल की ओर ले जाते देखा। उसने शोर मचाने के साथ पत्थर फेंककर तेंदुए को भगाने की कोशिश की, लेकिन तेंदुआ महिला को लेकर जंगल की ओर भाग निकला।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: बलदेव कपूर की पुस्तक 'मेरी जीवन यात्रा संघर्ष और संसार के लफड़े' का विमोचन

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण जंगल में महिला की तलाश में जुट गए, लेकिन खबर लिखे जाने तक हेमा देवी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी तुरंत वन विभाग को दे दी है। वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  ऑस्ट्रेलियन ओपन से पहले रॉड लेवर एरिना में लौटी फेडरर की जादूई आभा, भावुक हुए टेनिस प्रेमी

नथुवाखान के वन क्षेत्राधिकारी विजय भट्ट ने बताया कि सूचना मिलते ही वन कर्मियों की टीम को मौके पर भेज दी गई है। महिला की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ा दी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: रेल परियोजना पर रेल मंत्रालय के जवाब से उठे सवाल, आरटीआई कार्यकर्ता बोले– गोलमोल सूचना देकर टाली जवाबदेही

घटना के बाद से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। लोग सुबह-शाम घरों से निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page