Uttarakhand: बोर्ड परीक्षा में फिर फर्जीवाड़ा…दो ‘मुन्नी बहन’ पकड़ी गईं, सुचिता पर उठे सवाल

खबर शेयर करें

हरिद्वार/बहादराबाद। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं में फर्जी अभ्यर्थियों के पकड़े जाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर केंद्र पर आठ फर्जी अभ्यर्थियों के धरे जाने का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब बहादराबाद ब्लॉक के Rajkiya Uchchtar Madhyamik Vidyalaya Sohalpur परीक्षा केंद्र पर दो और फर्जी परीक्षार्थी पकड़ में आ गए हैं।

लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने परीक्षा की सुचिता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गृह विज्ञान की परीक्षा में हुआ खुलासा

शनिवार को सोहलपुर केंद्र पर गृह विज्ञान विषय की परीक्षा चल रही थी। सुबह दस बजे से परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा के दौरान दो कक्ष निरीक्षकों ने परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्रों की जांच की। इसी दौरान व्यक्तिगत रूप से परीक्षा दे रही दो बालिकाओं पर संदेह हुआ।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: पहली बार इंटरनेशनल मार्केट में पहुंची राज्य की ट्राउट मछली, नेपाल को हुआ निर्यात

सख्ती से जांच करने पर उनके प्रवेश पत्र फर्जी पाए गए। इसके बाद विभागीय टीम ने तुरंत दोनों की उत्तर पुस्तिकाएं सील कर जब्त कर लीं और गोपनीय अनुभाग को भेज दिया।

हददीपुर इंटर कॉलेज की छात्राओं की जगह दे रही थीं परीक्षा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिन दो छात्राओं की जगह परीक्षा दी जा रही थी, वे Varnika Lalayan Inter College Haddipur में पंजीकृत हैं। इस खुलासे के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: UKSSSC की बड़ी घोषणा...3 मई को होने वाली भर्ती परीक्षा स्थगित, नई तारीख का इंतजार

विभागीय टीम ने किया मुआयना

मामले की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। केंद्र व्यवस्थापक चंद्रभान को आगामी परीक्षाओं में विशेष सतर्कता और सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

इधर, केंद्र व्यवस्थापक चंद्रभान ने संबंधित थाने में तहरीर दे दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: धामी कैबिनेट की अहम बैठक आज, बजट सत्र से पहले UCC संशोधन और 2026-27 बजट पर लग सकती है मुहर

पहले भी सामने आ चुका है बड़ा मामला

गौरतलब है कि इससे पहले सलेमपुर परीक्षा केंद्र पर आठ फर्जी अभ्यर्थियों के पकड़े जाने से बोर्ड परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा था। अब एक ही ब्लॉक में दोबारा फर्जीवाड़ा सामने आने से अभिभावकों और छात्रों में भी चिंता बढ़ गई है।

शिक्षा विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में सभी परीक्षा केंद्रों पर जांच और सख्ती बढ़ाई जाएगी, ताकि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page