हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र के राजाजी टाइगर रिजर्व के जंगल में मिले साधु हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों युवकों ने नशे की हालत में लालच और गुस्से में आकर साधु की पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी थी। मृतक की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है।
शुक्रवार को एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को वन विभाग की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां करीब 45 वर्षीय साधु लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मृतक की पहचान न होने के कारण पुलिस खुद वादी बनी और कई टीमों का गठन कर जांच को तेज किया गया। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए, जबकि आसपास के क्षेत्रों, गंगाघाटों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
जांच के दौरान पुलिस को दो संदिग्ध युवक साधु के साथ जाते हुए नजर आए। सीसीटीवी में मिले सुराग के आधार पर उनकी तलाश शुरू की गई। बिना मोबाइल और नशेड़ी प्रवृत्ति के कारण आरोपियों तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन पुलिस ने लगातार सर्च ऑपरेशन जारी रखा।
आखिरकार शुक्रवार को हिल बाईपास क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस ने दोनों संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान मनोज कुमार उर्फ चिकना (इटावा, यूपी) और रोहित कुमार (पटना, बिहार) के रूप में हुई। दोनों ने हत्या की वारदात कबूल कर ली।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी हरिद्वार में ही मिले थे और साथ में शराब व गांजा का सेवन करते थे। 14 अप्रैल को मोतीचूर क्षेत्र में उनकी मुलाकात साधु से हुई। बीड़ी मांगने के दौरान साधु की जेब में पैसे देखकर दोनों के मन में लालच आ गया। जब साधु ने पैसे देने से इनकार किया, तो गुस्से में आकर दोनों ने उसका पीछा किया।
जंगल में सुनसान जगह पर पहुंचने के बाद आरोपियों ने साधु को गिराकर पत्थरों से सिर कुचल दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वे उसकी जेब से पैसे निकालकर फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक साधु की पहचान करना है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस की मुस्तैदी, सीसीटीवी विश्लेषण और लगातार चेकिंग अभियान के चलते 24 घंटे के भीतर इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर लिया गया।
