Uttarakhand: लूट के बाद भाग रहे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, एक ढेर, SHO को लगी दो गोलियां

खबर शेयर करें

देहरादून : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बुधवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों और पुलिस के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में एक बदमाश मारा गया, जबकि दो अन्य फरार हो गए। फरार आरोपियों में से एक के घायल होने की भी सूचना है।

घटना की शुरुआत पौंधा रोड पर हुई, जहां बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर उसकी चेन, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पूरे जिले में अलर्ट जारी कर घेराबंदी शुरू कर दी गई।

यह भी पढ़ें 👉  सोने-चांदी में जबरदस्त उतार-चढ़ाव, घरेलू बाजार में गिरावट, एमसीएक्स पर तेजी से बदला रुख

बताया जा रहा है कि पुलिस को संदिग्ध वाहन दिखाई दिया, जिसमें तीन बदमाश सवार थे। जब नरेश राठौर (थाना प्रभारी प्रेमनगर) ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें एक बदमाश ढेर हो गया।

मुठभेड़ के दौरान थाना प्रभारी नरेश राठौर के हाथ में दो गोलियां लगीं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं, लूट के दौरान घायल हुए पीड़ित को भी उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: इस साल प्रदेश में नहीं बढ़ेंगे बिजली के दाम, उपभोक्ताओं को मिलेगी छूट

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार, रात करीब 10:36 बजे डायल 112 के जरिए घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद जिलेभर में अलर्ट जारी करते हुए सभी थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया। मुठभेड़ के बाद पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: भीमताल के बोहरकून में बड़ा हादसा, खाई में गिरा टेंपो ट्रैवलर, 27 यात्रियों का सफल रेस्क्यू

पुलिस ने फरार बदमाशों की तलाश में व्यापक कांबिंग अभियान छेड़ दिया है। जंगलों से लेकर शहर की सड़कों तक हर जगह पुलिस टीमें सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। शहर के प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग लगाकर हर वाहन की गहन जांच की जा रही है और संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है और पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page