मोहब्बेवाला में साईं मंदिर के पास हुआ हादसा, छह साल का बच्चा घायल, कार काटकर निकाले गए शव
देहरादून। मोहब्बेवाला क्षेत्र में बुधवार को खाद से लदे एक अनियंत्रित ट्राले ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय बच्चा घायल हो गया। टक्कर के बाद कार ट्राले के नीचे दबकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, परिवार सहारनपुर से देहरादून आ रहा था। इसी दौरान मोहब्बेवाला में साईं मंदिर के पास उनकी कार खाद से लदे ट्राले की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्राले के नीचे दब गई और पूरी तरह पिचक गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान कार को काटकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
हादसे में मिश्रेष कपूर (38), उनकी पत्नी निशा आनंद कपूर (38), मां किरण कपूर (63) और कार चालक नीरज की मौत हो गई। वहीं, छह वर्षीय माहेर कपूर घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
कार से दिवाली के उपहार और अन्य सामान भी बरामद हुआ। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

