पैकेट पर चार प्रतिशत फैट का दावा, केंद्रीय प्रयोगशाला की जांच में मानक से कम मिली मात्रा, त्योहारी सीजन में 21 प्रतिष्ठानों से लिए गए 14 नमूने
हल्द्वानी। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी बीच मदर डेयरी के पैक्ड गाय के दूध का नमूना जांच में अधोमानक और मिथ्याछाप पाए जाने का मामला सामने आया है। केंद्रीय खाद्य प्रयोगशाला गाजियाबाद की रिपोर्ट में दूध में फैट की मात्रा निर्धारित मानक से कम मिली है। विभाग ने मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अनुसार, अगस्त 2026 में हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र के भोलानाथ गार्डन स्थित मदर डेयरी के वितरक से पैक्ड गाय के दूध का नमूना लिया गया था। राजकीय खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला रुद्रपुर में जांच के दौरान नमूना अधोमानक पाया गया। इसके बाद अपील पर नमूने को केंद्रीय खाद्य प्रयोगशाला गाजियाबाद भेजा गया।
21 अक्टूबर 2026 को जारी जांच रिपोर्ट में दूध में फैट की मात्रा 2.9 प्रतिशत पाई गई, जबकि निर्धारित न्यूनतम मानक 3.2 प्रतिशत है। वहीं, पैकेट पर न्यूनतम चार प्रतिशत फैट होने का दावा किया गया था। रिपोर्ट के आधार पर नमूने को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अधोमानक और मिथ्याछाप घोषित किया गया है।
21 प्रतिष्ठानों से लिए 14 नमूने
त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चार नवंबर को रामनगर, हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र और हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र के लालकुआं में अभियान चलाया। इस दौरान 21 खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण कर गुड़, गुलाब जामुन, आटे के लड्डू, खिलौना मिठाई, पेड़ा, बेसन के लड्डू, बालूशाही तथा तिल-खोया लड्डू समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के 14 नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।
निरीक्षण के दौरान कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई रखने, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित तरीके से भंडारण करने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि त्योहारों के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकिंग, निर्माण एवं अंतिम उपयोग तिथि तथा खाद्य लाइसेंस की जानकारी अवश्य जांचें। मिलावट या अस्वच्छ खाद्य सामग्री की बिक्री की जानकारी मिलने पर विभाग को सूचित करें।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार लालकुआं ईश्वर सिंह, सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी अजय सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी नगर निगम, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह सहित विभागीय टीम के सदस्य मौजूद रहे।
सहायक आयुक्त अजय सिंह रावत ने बताया कि जिले में सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण, नमूना संग्रह और नियमानुसार विधिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

