2020 में शुरू हुई नजदीकियां बनीं विवाद की वजह, लोहे की रॉड से सिर पर किए कई वार, रात के अंधेरे में कार से ले जाकर खाई में फेंका शव
बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में चर्चित अधिवक्ता और पूर्व सभासद धीरेंद्र परिहार हत्याकांड की कहानी किसी सनसनीखेज क्राइम थ्रिलर से कम नहीं है। जिस घर में उनकी हत्या की गई, उसी घर में उनका शव चारपाई के नीचे छिपा दिया गया। फिर अगले दिन भाई को बुलाकर शव को ठिकाने लगाने की ऐसी साजिश रची गई कि उसे कार में डालकर गहरी खाई से नदी में फेंक दिया गया। हालांकि, पुलिस की जांच के आगे आरोपियों की यह कथित साजिश ज्यादा दिन नहीं टिक सकी।

पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए महिला आरोपी लता भंडारी और उसके भाई त्रिभुवन सिंह बिष्ट उर्फ बबलू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड के पीछे पुराने संबंधों का विवाद और जबरदस्ती के कथित प्रयास का विरोध वजह बना।
2020 में बढ़ीं नजदीकियां, फिर रिश्तों में आई दूरी
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार और लता भंडारी के बीच वर्ष 2020 में नजदीकियां बढ़ी थीं। वर्ष 2022 तक दोनों के संबंधों में कुछ दूरी आ गई थी। बताया गया कि 17 अक्टूबर की रात धीरेंद्र परिहार अत्यधिक शराब के नशे में महिला के घर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, वहां उन्होंने महिला के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
गुस्से में उठाई लोहे की रॉड, सिर पर किए ताबड़तोड़ वार
आरोप है कि विवाद के दौरान गुस्से में आई महिला ने घर में रखी लोहे की रॉड उठा ली और अधिवक्ता के सिर पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। हमले में गंभीर चोट लगने से धीरेंद्र परिहार की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद महिला ने शव को घर में ही अपनी चारपाई के नीचे छिपा दिया।
अगली सुबह भाई को बताया राज, रात में रची शव ठिकाने लगाने की योजना
18 अक्टूबर की सुबह महिला कठायतबाड़ा पहुंची और अपने भाई त्रिभुवन सिंह उर्फ बबलू को पूरी घटना बता दी। इसके बाद दोनों ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, रात में भाई महिला के घर पहुंचा और दोनों ने मिलकर शव को मैग्नैट कार की पिछली सीट पर रखा।
थुणाई बैंड के पास खाई से नदी में फेंका शव
इसके बाद कार से शव को बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग की ओर ले जाया गया। थुणाई बैंड के पास गहरी खाई से शव को नदी में फेंक दिया गया। आरोपियों को लगा कि इस तरह वारदात के सबूत मिट जाएंगे, लेकिन पुलिस की जांच ने पूरे घटनाक्रम की परतें खोल दीं।
रॉड, कार और शव बरामद, दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड, वारदात में प्रयुक्त कार और शव बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

