Uttarakhand: घास लेने गई महिला को गुलदार ने बनाया निवाला, गांव में दहशत

खबर शेयर करें

पौड़ी। गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी रेंज में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को कोट ब्लॉक के बाडयू गांव में गुलदार ने एक महिला पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है।

जानकारी के अनुसार बाडयू गांव निवासी प्रभा देवी पत्नी मातबर सिंह मंगलवार को अपने पुराने मकान के पास घास लेने गई थीं। बताया जा रहा है कि इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और गुलदार उन्हें घसीटते हुए पुराने मकान के खंडहर की ओर ले गया।

यह भी पढ़ें 👉  एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: टेलीकॉम अधिकारी बनकर 1.02 करोड़ की साइबर ठगी करने वाले पिता-पुत्र गिरफ्तार

जब काफी देर तक प्रभा देवी घर नहीं लौटीं तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घटना का पता चलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

यह भी पढ़ें 👉  राष्ट्रपति के आगमन पर नैनीताल में लागू रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान, 03 व 04 नवम्बर को नैनीताल–हल्द्वानी मार्ग पर भारी वाहनों की एंट्री बंद...Video

घटना के बाद बाडयू गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की आवाजाही बनी हुई है। कई बार खेतों और आबादी के आसपास भी गुलदार दिखाई दिया, लेकिन समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। अब इस घटना के बाद लोग जंगल और खेतों की ओर जाने से डरने लगे हैं।

ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल पिंजरा लगाने, प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में और भी घटनाएं हो सकती हैं।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल: राजकीय आईटीआई में प्रवेश की तिथि 30 सितम्बर तक बढ़ी

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। जरूरत पड़ने पर कैमरा ट्रैप और पिंजरे लगाए जाएंगे। अधिकारियों ने लोगों से अकेले जंगल या सुनसान स्थानों पर न जाने और सतर्कता बरतने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page