Uttarakhand: बैंक कर्मी पर फायरिंग का सनसनीखेज खुलासा, पूर्व प्रेमिका ने रची थी हत्या की साजिश, पांच लाख में दी सुपारी

खबर शेयर करें

देहरादून। बड़ोवाला क्षेत्र में बैंक कर्मी सत्यम कुमार पर हुई जानलेवा फायरिंग के मामले का पटेलनगर पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, सत्यम की हत्या की साजिश उसकी पूर्व प्रेमिका मालिया रहमान ने रची थी।

आरोप है कि सत्यम के दूसरी युवती से सगाई करने और उससे बातचीत बंद करने से नाराज मालिया ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके लिए लक्सर के बदमाश अंकित चौहान को पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी गई। पुलिस के अनुसार, सौदे के तहत अंकित को 1.20 लाख रुपये एडवांस भी दिए गए थे।

पुलिस ने मामले में मालिया रहमान और उसके साथी मोहित को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं कथित शूटर अंकित चौहान को पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया। उसका साथी अंकुर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

घटना आठ सितंबर की है। सत्यम कुमार अपनी बहन साक्षी के साथ स्कूटी से बड़ोवाला स्थित घर जा रहा था। जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे बाइक सवार दो युवकों ने उसकी स्कूटी रोक ली। आरोप है कि दोनों युवकों ने सत्यम पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। इस संबंध में पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: सरेशाम चेन स्नैचिंग...बाइक सवार बदमाशों ने महिला को बनाया निशाना

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाया गया। पुलिस के मुताबिक, जांच आगे बढ़ने पर फायरिंग के पीछे व्यक्तिगत रंजिश और सुपारी की साजिश की कड़ी सामने आई।

पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को गोरखपुर चौक के पास संदिग्ध बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही दोनों युवक बाइक लेकर चाय बागान की पगडंडी की ओर भागने लगे। पुलिस का दावा है कि पीछा किए जाने के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अंकित चौहान के पैर में गोली लगी। उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी अंकुर भागने में सफल रहा।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: नए शिक्षा सत्र का आगाज आज से, 1300 स्कूलों में होगा 1 लाख किताबों का वितरण

पुलिस ने अंकित के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो खोखे और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की बाइक बरामद करने का दावा किया है। इसके बाद पुलिस ने मामले में कथित साजिशकर्ता मालिया रहमान और उसके साथी मोहित को भी ISBT के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में मालिया और सत्यम के पुराने रिश्ते की कहानी भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, मालिया वर्ष 2020 से 2023 तक हरिद्वार स्थित उज्जीवन बैंक में काम करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात सत्यम से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। वर्ष 2023 में मालिया ने परिवार के दबाव में सहारनपुर निवासी एक युवक से निकाह कर लिया, लेकिन इसके बावजूद उसका सत्यम से संपर्क बना रहा। बाद में उसका विवाह टूट गया।

वर्ष 2025 में सत्यम देहरादून आ गया। पुलिस के अनुसार, फरवरी 2026 में सत्यम ने दूसरी युवती से सगाई कर ली। इसके बाद उसने मालिया से बातचीत बंद कर दी और उसे सोशल मीडिया पर भी ब्लॉक कर दिया। पुलिस का कहना है कि सत्यम के इस फैसले से मालिया नाराज हो गई और उसने उसकी हत्या की साजिश रच डाली।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: जीएसटी बकायेदारों पर कार्रवाई... तीन दिन में वसूले गए चार करोड़, 2577 व्यापारियों का GST पंजीयन निलंबित

पुलिस के मुताबिक, मालिया ने अपने साथी मोहित के माध्यम से अंकित चौहान से संपर्क किया और सत्यम की हत्या का सौदा पांच लाख रुपये में तय किया। आरोप है कि मालिया ने अंकित को सत्यम की फोटो के साथ उसके बैंक कार्यालय से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई, ताकि शूटर उसकी पहचान और गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा सके। इसके बाद सत्यम को रास्ते में रोककर गोली मारी गई।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी अंकुर की तलाश में जुटी है। साथ ही मामले में इस्तेमाल हथियार, बाइक और पैसों के लेन-देन समेत साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अंकुर की गिरफ्तारी के बाद वारदात से जुड़े कुछ और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page