देहरादून: बल्लीवाला चौक स्थित नाथ वाटिका के पास भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर में बड़ी वारदात सामने आई है। आरोप है कि घरेलू सहायक ने परिवार के सदस्यों को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया और इसके बाद घर में रखे सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात घरेलू सहायक ने परिवार के लिए तैयार भोजन में कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के कुछ देर बाद परिवार के सदस्य बेहोश हो गए। इसी दौरान आरोपी ने घर में रखे सोने के आभूषण समेटे और अपने कुछ साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।
परिवार के सदस्यों को होश आने के बाद उन्हें घटना का पता चला। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। घटना में भाजपा पार्षद अमिता सिंह की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उनके पति महिपाल सिंह और बेटे की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि घरेलू सहायक को करीब 20 दिन पहले पार्षद की बेटी ने दिल्ली से घरेलू कामकाज के लिए बुलाया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नेपाल मूल का बताया जा रहा है। हालांकि, आरोपी की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपी और उसके संभावित साथियों की तलाश में जुटी है।
फिलहाल पुलिस वारदात में शामिल लोगों की पहचान, लूटे गए आभूषणों और घटना में इस्तेमाल किए गए कथित नशीले पदार्थ समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

