सीएम धामी ने प्रस्ताव को दी मंजूरी, 1474 अतिरिक्त पदों का होगा समायोजन, महिला पुलिसकर्मियों के लिए पदोन्नति के अवसर बढ़ाने पर जोर
देहरादून। उत्तराखंड में महिला पुलिसकर्मियों के लिए सेवा और पदोन्नति के अवसर बढ़ाने की दिशा में धामी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के स्वीकृत पदों की संख्या 526 से बढ़ाकर 2000 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत 1474 अतिरिक्त पदों को अन्य संवर्गों और शाखाओं में स्वीकृत पदों से समायोजित किया जाएगा।
सरकार का कहना है कि इस फैसले से पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा और महिला आरक्षियों के लिए भविष्य में पदोन्नति के बेहतर अवसर तैयार हो सकेंगे। खास बात यह है कि पदों के पुनर्गठन की इस व्यवस्था से कुल स्वीकृत पदों की संख्या में वृद्धि नहीं होगी और न ही सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा।
1210 महिला आरक्षियों के समायोजन की शर्त
इस प्रस्ताव पर कार्मिक विभाग ने कुछ शर्तों के साथ सहमति दी है। इनमें वर्तमान में कार्यरत 1210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों का समायोजन करना प्रमुख है। इसके साथ ही महिला पुलिसकर्मियों को आगे पदोन्नति के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का अलग प्रस्ताव भी तैयार करना होगा।
इस व्यवस्था का उद्देश्य मौजूदा पदों का बेहतर उपयोग करते हुए महिला आरक्षियों की सेवा संबंधी समस्याओं का समाधान करना और उनके करियर में आगे बढ़ने की संभावनाओं को मजबूत बनाना है।
महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। महिला पुलिसकर्मियों को बेहतर सेवा अवसर उपलब्ध कराने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

