Uttarakhand: घास काटने गई बुजुर्ग पर गुलदार का हमला, दरांती से किया मुकाबला और बचाई जान

खबर शेयर करें

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में एक 64 वर्षीय महिला ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए गुलदार के हमले से अपनी जान बचा ली। जंगल में घास काटने गई महिला पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया, लेकिन महिला ने घबराने के बजाय हाथ में मौजूद दरांती से लगातार वार कर गुलदार को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

यह घटना अगस्त्यमुनि ब्लॉक के पठालीधार क्षेत्र स्थित कोटी गांव की है। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11:45 बजे 64 वर्षीय नारायणी देवी मवेशियों के लिए घास लेने जंगल गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने उन पर अचानक हमला कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  आरकॉम के कर्ज खाते फ्रॉड घोषित, अनिल अंबानी पर बढ़ी मुश्किलें

हिम्मत नहीं हारी, दरांती से किया पलटवार

अचानक हुए हमले के बावजूद नारायणी देवी ने साहस नहीं खोया। उन्होंने हाथ में मौजूद दरांती से गुलदार पर लगातार वार किए। महिला के प्रतिरोध से घबराकर गुलदार जंगल की ओर भाग गया, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि हमले में उनके हाथ और पैरों में चोटें आई हैं।

उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टर प्रियांशी के अनुसार महिला की स्थिति अब सामान्य है और वह खतरे से बाहर हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: भाई दूज पर शीतकाल के लिए बंद हुए केदारनाथ धाम के कपाट, जयकारों से गूंज उठी केदारघाटी

गांव में दहशत, ग्रामीणों ने बढ़ाई सुरक्षा की मांग

महिला के पुत्र पंकज सिंह ने बताया कि क्षेत्र में इस तरह की यह पहली घटना है, जिसके बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकांश परिवार पशुपालन पर निर्भर हैं और रोजाना घास व चारा लेने जंगल जाना उनकी मजबूरी है। ऐसे में गुलदार की मौजूदगी से लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से नियमित गश्त बढ़ाने और गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग की है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: वकीलों ने डीएम के खिलाफ खोला मोर्चा, स्थानांतरण तक काम बंद रखने का ऐलान

वन विभाग ने लगाए ट्रैप कैमरे, ड्रोन से भी तलाश

उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. दिवाकर पंत ने बताया कि घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। क्षेत्र में ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं और ड्रोन की मदद से भी गुलदार की तलाश की जा रही है। साथ ही वन क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में टीम लगातार गश्त कर रही है, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page