Uttarakhand: अंकिता भंडारी केस के विवाद के बीच अभिनेत्री उर्मिला सनावर गिरफ्तार, 5 करोड़ की फिरौती मांगने का आरोप

खबर शेयर करें

हरिद्वार/सहारनपुर। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर जारी विवाद के बीच अभिनेत्री उर्मिला सनावर को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने उन पर पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगने, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणियां करने तथा परिवार को जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की और सहारनपुर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किए जाने की बात पुलिस ने कही है।

हरिद्वार पुलिस के अनुसार, टिहरी विस्थापित कॉलोनी निवासी दीपिका राठौर ने शनिवार, 24 अक्टूबर की रात रानीपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि सहारनपुर निवासी उर्मिला सनावर सोशल मीडिया पर उनके और उनके परिवार के खिलाफ अश्लील एवं मानहानिकारक टिप्पणियां कर रही थीं। इससे उनके परिवार की छवि प्रभावित हो रही थी।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: 20 साल बाद बदलेगी एलटी शिक्षकों की वरिष्ठता, आयोग से चयनित शिक्षकों को मिला न्याय, 4 हजार शिक्षकों पर पड़ेगा असर

व्हाट्सएप कॉल पर पांच करोड़ रुपये मांगने का आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि उर्मिला सनावर ने व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने और पांच करोड़ रुपये देने की मांग की। आरोप यह भी है कि मांग पूरी नहीं होने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: एक बकरी की मौत और गांव में मच गया हड़कंप...मांस खाने के बाद 25 से ज्यादा लोग बीमार, बच्चों की हालत बिगड़ी

पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर एसएचओ मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

सहारनपुर में दबिश देकर गिरफ्तारी, मोबाइल फोन बरामद

पुलिस टीम ने रविवार को सहारनपुर में दबिश देकर उर्मिला सनावर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, वह सहारनपुर के रेलवे लाइन मोहल्ला, गोविंदनगर क्षेत्र की निवासी हैं। शिकायत में लगाए गए आरोपों से संबंधित घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

एसपी सिटी दीपक सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें 👉  करुणा, प्रेम और सह-अस्तित्व का संदेश लेकर मना ‘मानव एकता दिवस’, हल्द्वानी में विशाल सत्संग

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर वायरल ऑडियो-वीडियो से बढ़ा था विवाद

उर्मिला सनावर का नाम अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े विवाद के दौरान भी सुर्खियों में आया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर कथित वीआईपी का जिक्र करते हुए कई दावे किए थे और कुछ ऑडियो-वीडियो साझा किए थे। इन दावों के बाद उत्तराखंड में राजनीतिक बयानबाजी और चर्चाएं तेज हो गई थीं।

इस प्रकरण की जांच कर रही सीबीआई ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर से अलग-अलग स्थानों पर पूछताछ की थी। अब फिरौती मांगने और धमकी देने के आरोपों में उर्मिला की गिरफ्तारी के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page