रामनगर: घर और रिजॉर्ट में चोरी की वारदातों का खुलासा…एक शातिर चोर गिरफ्तार, सांसी गैंग पर कसा शिकंजा

खबर शेयर करें

रामनगर (नैनीताल)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त रुख और सटीक रणनीति के चलते रामनगर में घर और रिजॉर्ट में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण किया गया है। पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने के साथ ही एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया है, जबकि दूसरी घटना में अंतरराज्यीय सांसी गैंग का पर्दाफाश करते हुए 12 लाख रुपये नकद और बहुमूल्य सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।

मामला-1: घर में चोरी का खुलासा
थाना रामनगर क्षेत्र के लखनपुर निवासी सुमन ने 15 दिसंबर 2025 को तहरीर देकर बताया था कि दिल्ली से लौटने पर उनके घर से दो कड़े, दो चूड़ियां और दो सोने के बिस्किट चोरी हो गए हैं। मामले में एफआईआर संख्या 414/25 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  सचिवालय में बड़ा फेरबदल: 68 अनुभाग अधिकारी, अनुसचिव व उपसचिवों के तबादले, वर्षों से जमे अफसरों को हटाया...सूची देखें

एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी के आधार पर 16 दिसंबर को चोरपानी क्षेत्र से नवदीप शर्मा निवासी पीरूमदारा, रामनगर को गिरफ्तार किया। उसके साथ एक विधि-विवादित किशोर भी शामिल पाया गया। आरोपियों के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और सोने के बिस्किट बरामद किए गए, जिनकी शिनाख्त वादिनी ने मौके पर की।

यह भी पढ़ें 👉  पिथौरागढ़: आईटीबीपी जवान की सड़क हादसे में मौत, विवाह समारोह में शामिल होने आया था घर

मामला-2: रिजॉर्ट में विवाह समारोह के दौरान चोरी
दूसरी घटना 3 नवंबर 2025 की है, जब टियारा रिजॉर्ट रामनगर में विवाह समारोह के दौरान बिन बुलाए मेहमान बनकर आए चोरों ने सोने के जेवरात, नकदी और मोबाइल फोन से भरा बैग चोरी कर लिया था। इस संबंध में कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 400/25 दर्ज की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों से पूछताछ के आधार पर मध्य प्रदेश के कुख्यात सांसी गैंग की संलिप्तता उजागर की। पुलिस दबिश के दौरान आरोपी फरार हो गए, लेकिन मौके से 12 लाख रुपये नकद और बहुमूल्य सोने के आभूषण बरामद कर लिए गए। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

यह भी पढ़ें 👉  कोटद्वार: जमीन विवाद में भतीजे ने ताऊ-ताई पर किया हमला, ताई की मौत, ताऊ गंभीर

पुलिस के अनुसार सांसी गैंग बड़े होटल और रिजॉर्ट में विवाह समारोह के दौरान मेहमान बनकर प्रवेश करता है और मौका मिलते ही नकदी व आभूषणों पर हाथ साफ कर फरार हो जाता है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि चोरी और संगठित अपराध के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page