आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डौकी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद कई बार पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि पीछे की सीट पर बैठे तीन लोग कार से बाहर निकलकर करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरे और पत्थरों पर गिरने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार चालक समेत आगे की सीट पर बैठा एक अन्य युवक घायल हुआ है।
पुलिस के अनुसार कार में सवार पांचों लोग दिल्ली के रहने वाले बताए जा रहे हैं और दिल्ली से बलिया जा रहे थे। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे उनकी कार आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 15.400 के पास पहुंची। बताया जा रहा है कि उस समय कार की रफ्तार करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटे थी। इसी दौरान चालक का कार से नियंत्रण हट गया और तेज रफ्तार कार मध्य डिवाइडर से जा टकराई।
डिवाइडर से टकराने के बाद कार कई बार पलटी। टक्कर और पलटने के दौरान पीछे की सीट पर बैठे तीन लोग कार से बाहर निकलकर एक्सप्रेसवे के किनारे करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरे। नीचे मौजूद पत्थरों पर गिरने के कारण तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही डौकी थाना पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल चालक और आगे की सीट पर बैठे युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं खाई में पड़े तीनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष डौकी सुनीत कुमार शर्मा ने बताया कि तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई थी। कार की पिछली सीट पर बैठे तीन लोग झटके के कारण बाहर निकलकर नीचे पत्थरों पर जा गिरे, जिससे उनकी मौत हो गई। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक का वाहन से नियंत्रण खोना सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
