बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां खैला गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की फरसे से निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद वह शव को नहर में फेंकने या जमीन में दबाने की योजना बना रहा था, लेकिन जब बोरे में भरा शव उठा नहीं पाया तो उसने खुद ही पुलिस को फोन कर वारदात की जानकारी दे दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त फरसा बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक खैला गांव निवासी राहुल और मनीषा की प्रेम कहानी करीब नौ साल पहले हरिद्वार से शुरू हुई थी। उस समय राहुल एक फैक्टरी में काम करता था, जहां उसकी मुलाकात बिजनौर निवासी मनीषा से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और आठ वर्ष पहले उन्होंने कोर्ट मैरिज कर ली। शादी के बाद दोनों गांव लौट आए और बाद में गाजियाबाद के बोपुरा क्षेत्र में किराये पर रहने लगे, जहां राहुल ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था।
जांच में सामने आया है कि कुछ वर्षों बाद पति-पत्नी के रिश्तों में खटास आनी शुरू हो गई। राहुल का आरोप था कि मनीषा किसी अन्य व्यक्ति के संपर्क में आ गई थी। करीब चार साल पहले वह अपने बेटे को साथ लेकर बेंगलुरु चली गई थी, जबकि राहुल और बेटी गांव में ही रह गए थे। बीच-बीच में वह गांव आती रही, लेकिन फिर वापस लौट जाती थी।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को मनीषा एक बार फिर खैला गांव पहुंची थी। उसका इरादा बेटी को अपने साथ बेंगलुरु ले जाने का था। इसी बात को लेकर शनिवार को पति-पत्नी के बीच तीखा विवाद हो गया। राहुल बेटी को अपने साथ रखने पर अड़ा था, जबकि मनीषा उसे साथ ले जाने की जिद कर रही थी।
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में राहुल ने फरसे से मनीषा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने उसकी गर्दन और कमर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद राहुल ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। उसने शव को एक बोरे में भर दिया और उसे नहर में फेंकने या कहीं दबाने की सोचने लगा। हालांकि शव का वजन अधिक होने के कारण वह बोरा उठा नहीं सका। कुछ देर बाद उसने डायल-112 पर फोन कर खुद ही पत्नी की हत्या करने की सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी राहुल को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया फरसा भी बरामद कर लिया है।
पूछताछ में राहुल ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि हत्या वाले दिन मनीषा ने घर में पनीर बनाकर खिलाया था और पूरा परिवार सामान्य माहौल में था। लेकिन बेटी को लेकर जाने की बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी पत्नी की सोशल मीडिया गतिविधियों से भी नाराज रहता था। राहुल का कहना है कि मनीषा सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होना चाहती थी और अक्सर वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।
एसपी बागपत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति को संदेह था कि उसकी पत्नी बेंगलुरु में किसी अन्य व्यक्ति के साथ रह रही है और बेटी को अपने साथ ले जाने के बाद वापस नहीं लौटेगी। इसी आशंका और पारिवारिक विवाद के चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और मृतका के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।

