15 साल के वैभव सूर्यवंशी का विश्व रिकॉर्ड, 11 गेंदों में ठोकी फिफ्टी…लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक

खबर शेयर करें

दांबुला। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने एक ऐसी पारी खेली है, जिसने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से आलोचनाओं और विवादों के बीच घिरे इस 15 वर्षीय बल्लेबाज ने ट्राई सीरीज के फाइनल में अपने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास में नया विश्व रिकॉर्ड बन गया। इंडिया ए की ओर से खेलते हुए वैभव ने श्रीलंका ए के खिलाफ महज 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर दुनिया का सबसे तेज लिस्ट-ए अर्धशतक अपने नाम कर लिया।

दांबुला के रंगीरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में श्रीलंका ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाकर इस फैसले को गलत साबित कर दिया। पारी की पहली गेंद पर चौका जड़ने के बाद उन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों पर लगातार हमला बोला और मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: जमीन सौदे के नाम पर 1.15 करोड़ की ठगी, दो प्रॉपर्टी डीलरों पर मुकदमा दर्ज

वैभव ने केवल 11 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर करीब दो दशक पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। उन्होंने अपनी पारी का पांचवां छक्का लगाकर 50 रन पूरे किए और लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका के कौशल्या वीररत्ने के नाम था, जिन्होंने 2006 में 12 गेंदों में अर्धशतक बनाया था।

इस उपलब्धि की खास बात यह भी है कि टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में वैभव का प्रदर्शन अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहा था। इसके अलावा हाल ही में श्रीलंका ए के एक खिलाड़ी के साथ उनकी नोकझोंक भी चर्चा का विषय बनी थी। ऐसे में फाइनल मुकाबले में सभी की नजरें उन पर टिकी थीं और युवा बल्लेबाज ने अपने बल्ले से आलोचकों को करारा जवाब दिया।

यह भी पढ़ें 👉  मेरठ में ATS का बड़ा खुलासा: ‘हाइब्रिड टेरर’ मॉड्यूल ध्वस्त, हिंदू पहचान का सहारा लेकर हो रही थी रेकी

शतक से छह रन दूर रह गए वैभव

वैभव सूर्यवंशी ने मैदान पर चौकों-छक्कों की ऐसी बरसात की कि श्रीलंका ए के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। वह तेजी से शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन दुर्भाग्य से 94 रन पर आउट हो गए और शतक से महज छह रन दूर रह गए।

15 वर्षीय बल्लेबाज ने सिर्फ 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। उनकी इस धमाकेदार पारी ने इंडिया ए को शानदार शुरुआत दिलाई और फाइनल मुकाबले का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया।

यह भी पढ़ें 👉  बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट पर महंगाई की मार: लागत 1.1 लाख करोड़ से बढ़कर 1.98 लाख करोड़, 83% का इजाफा

वैभव की बल्लेबाजी ने यह साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट को भविष्य के लिए एक और बड़ा सितारा मिल चुका है। इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा दिया है।

लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक

  • 11 गेंद – वैभव सूर्यवंशी (इंडिया ए बनाम श्रीलंका ए, दांबुला, 2026)
  • 12 गेंद – कौशल्या वीररत्ने (रागामा क्रिकेट क्लब, 2005/06)
  • 13 गेंद – थिसारा परेरा (2020/21)
  • 14 गेंद – रोरी क्लेनवेल्ट (2010/11)

वैभव सूर्यवंशी की यह पारी लंबे समय तक क्रिकेट प्रेमियों की यादों में रहेगी। महज 15 साल की उम्र में विश्व रिकॉर्ड बनाकर उन्होंने यह संकेत दे दिया है कि आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट को उनसे बड़ी उम्मीदें रहने वाली हैं।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page