बारिश का कहर: चॉल ढहने से 6 की मौत, पेड़ और ग्रिल गिरने से दो और की गई जान, एयरपोर्ट पर भी रुकी उड़ानें

खबर शेयर करें

मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मानसून ने तबाही मचा दी है। रविवार को हुई मूसलाधार बारिश के बीच अलग-अलग हादसों में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। सबसे बड़ा हादसा मानखुर्द इलाके में हुआ, जहां एक तीन मंजिला चॉल का हिस्सा ढहने से छह लोगों की जान चली गई। वहीं, कुर्ला में पेड़ गिरने और नवी मुंबई में इमारत की ग्रिल गिरने की अलग-अलग घटनाओं में दो और लोगों की मौत हो गई। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, जबकि छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी उड़ान संचालन करीब एक घंटे तक प्रभावित रहा।

रविवार सुबह से ही मुंबई और उपनगरों में लगातार बारिश होती रही। शाम होते-होते बारिश की तीव्रता और बढ़ गई, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक दक्षिण मुंबई में 51 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 72 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 71 मिमी बारिश दर्ज की गई।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: नैनीताल जिले के 10 और निजी स्कूलों को नोटिस, महंगी किताबों से अभिभावकों पर बोझ डालने पर कार्रवाई

मानखुर्द में चॉल ढही, छह लोगों की दर्दनाक मौत

सबसे दर्दनाक हादसा रविवार रात करीब 8:30 बजे मानखुर्द के मंडाला क्षेत्र स्थित जनता नगर में हुआ। हनुमान मंदिर के पीछे स्थित तीन मंजिला चॉल अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के समय कई लोग इमारत के भीतर मौजूद थे।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। मलबे से कई लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन छह लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। एक व्यक्ति घायल है, जबकि आशंका है कि अब भी एक व्यक्ति मलबे में फंसा हो सकता है। देर रात तक बचाव अभियान जारी रहा।बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

पेड़ और ग्रिल गिरने से भी गई जान

भारी बारिश के दौरान हादसों का सिलसिला यहीं नहीं रुका। कुर्ला पश्चिम के नौपाड़ा इलाके में एक दुकान पर विशाल पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से 63 वर्षीय यूनुस कुंदावाला की मौत हो गई। उन्हें मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: स्वास्थ्य विभाग में बड़े स्तर पर तबादलों की तैयारी, वर्षों से एक जगह जमे डॉक्टरों-अधिकारियों की बदलेगी तैनाती

वहीं, नवी मुंबई में रविवार शाम एक इमारत की लोहे की ग्रिल फुटपाथ पर गिर गई। वहां से गुजर रहा एक युवक इसकी चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि संबंधित इमारत के स्ट्रक्चरल ऑडिट के लिए वर्ष 2025 में नोटिस जारी किया गया था, लेकिन भवन मालिक ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की।

एक सप्ताह में पेड़ गिरने की तीसरी बड़ी घटना

मुंबई में पिछले एक सप्ताह के भीतर पेड़ गिरने से यह तीसरी बड़ी मौत है। शनिवार को गोरेगांव के आरे कॉलोनी क्षेत्र में मोटरसाइकिल चला रहे 18 वर्षीय युवक की पेड़ की शाखा गिरने से मौत हो गई थी। इससे पहले 30 जून को चेंबूर में चलती स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय छात्र की जान चली गई थी और कई अन्य घायल हुए थे।

यह भी पढ़ें 👉  दिल्ली में बिजली हुई महंगी, 500 यूनिट से ज्यादा खपत करने वालों पर बढ़ेगा बोझ

एयरपोर्ट पर रुकी उड़ानें, सैकड़ों शिकायतें दर्ज

लगातार खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब एक घंटे तक उड़ानों का संचालन रोकना पड़ा। इससे कई उड़ानें प्रभावित हुईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बीएमसी के अनुसार, रविवार को उसे पेड़ या शाखाएं गिरने की 203 शिकायतें, शॉर्ट सर्किट की आठ घटनाएं और मकान या दीवार गिरने की 15 शिकायतें प्राप्त हुईं। नगर निगम की टीमें पूरी रात राहत और मरम्मत कार्य में जुटी रहीं।

अगले 24 घंटे भी भारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटों के दौरान मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बारिश जारी रहने की चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार, कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा, कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश और 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page