Nainital: चोरी करने घुसा युवक शराब पीकर होमस्टे में ही सो गया, सुबह पकड़ा गया

खबर शेयर करें

नैनीताल। शहर के अयारपाटा क्षेत्र में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया, जहां चोरी के इरादे से होमस्टे में घुसे युवक का मन शराब देखकर बदल गया। युवक ने किचन में रखी शराब की पूरी बोतल पी ली और नशे में वहीं सो गया। सुबह जब होमस्टे स्वामी और कर्मचारी पहुंचे तो अंदर सोए युवक को देखकर हैरान रह गए। बाद में लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार शहर निवासी प्रदीप बोरा अयारपाटा क्षेत्र में अपने घर के पास ही होमस्टे का संचालन करते हैं। सोमवार रात वह होमस्टे बंद कर घर चले गए थे और उस समय वहां कोई कर्मचारी भी मौजूद नहीं था। इसी बीच रात करीब 12:30 बजे एक युवक चोरी के इरादे से होमस्टे के अंदर घुस गया।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 किलो 457 ग्राम चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

बताया जा रहा है कि युवक ने अंदर घुसकर सभी कमरों की तलाशी ली, लेकिन उसे कोई कीमती सामान नहीं मिला। इसके बाद वह किचन में पहुंचा, जहां उसे शराब की बोतल दिखाई दी। बोतल देखते ही उसके इरादे बदल गए और वह वहीं बैठकर पूरी शराब पी गया।

यह भी पढ़ें 👉  चार साल बाद उत्तराखंड आएंगे राहुल गांधी, अल्मोड़ा-पौड़ी से करेंगे चुनावी शंखनाद

अधिक नशा होने के कारण युवक वहीं सो गया। मंगलवार सुबह जब होमस्टे के कर्मचारी और स्वामी मौके पर पहुंचे तो दरवाजा खुला मिला और अंदर एक अनजान युवक सोता हुआ मिला। उसे जगाने पर वह गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया और कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर भी दी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: प्रदेश में जल्द होंगे पंचायत चुनाव, नहीं बढ़ेगा प्रशासकों का कार्यकाल

सूचना मिलने पर युवक के परिजन भी कोतवाली पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि युवक नशे का आदी है।

मामले में एसआई प्रवीण तेवतिया ने बताया कि स्ट्रॉबेरी लॉज निवासी राकेश कुमार के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। साथ ही उसे नशा मुक्ति केंद्र भेज दिया गया है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page