Nainital: भारी बारिश के बीच भीमताल में लगा मल्टी स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर, 215 लोगों ने कराया पंजीकरण

खबर शेयर करें

भीमताल (नैनीताल)। प्रदेश सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमताल में मल्टी स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। भारी बारिश के बावजूद क्षेत्रवासियों ने शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया और विभिन्न जांच एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर का शुभारंभ प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमंत मर्तोलिया और विधायक प्रतिनिधि पंकज उप्रेती ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। शिविर में ईएनटी, नेत्र रोग, हड्डी रोग और मानसिक स्वास्थ्य समेत विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा जनरल ओपीडी, आयुष, टीबी जांच एवं परामर्श, एनसीडी स्क्रीनिंग, प्रयोगशाला जांच, एक्स-रे, ईसीजी, परिवार कल्याण सेवाएं, आयुष्मान भारत योजना, आभा आईडी निर्माण, यूडीआईडी सेवाएं और स्वास्थ्य परामर्श भी दिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  सर्दी की पहली बारिश से किसानों में खुशी, फसलों के लिए वरदान साबित होगी

215 लोगों का पंजीकरण, 110 के हुए एक्स-रे

शिविर में कुल 215 लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया। इनमें 210 लोगों की ब्लड प्रेशर, 205 की ब्लड शुगर और 145 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। वहीं 12 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर और 15 लोगों की ओरल कैंसर स्क्रीनिंग की गई।

इसके अलावा 85 लोगों की हीमोग्लोबिन, 65 की एलएफटी और 62 लोगों की आरएफटी जांच की गई। शिविर में 110 लाभार्थियों के एक्स-रे किए गए, जबकि 35 लोगों की आभा आईडी बनाई गई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: चटक धूप ने बढ़ाई तपिश, 16 मई को फिर बदल सकता है मौसम

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं

शिविर में ईएनटी सर्जन डॉ. दिलीप वार्ष्णेय, नेत्र सर्जन डॉ. कैलाश बृजवाल, मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. हिमांशु कांडपाल, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. एमके त्रिपाठी और यूडीआईडी विशेषज्ञ अजय चौखाल ने सेवाएं दीं।

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमंत मर्तोलिया ने शिविर स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न काउंटरों पर पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को प्रत्येक लाभार्थी को आवश्यक जांच, परामर्श और उपचार व्यवस्थित एवं संवेदनशील तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सीएमओ ने कहा- क्षेत्र में ही मिले विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के करीब पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम और लगातार बारिश के बावजूद जिस तरह क्षेत्रवासियों ने शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया, वह सराहनीय है।

यह भी पढ़ें 👉  पूर्व नेशनल खिलाड़ी व इंटरनेशनल कोच डॉ. रावत शिक्षक दिवस पर सम्मानित

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि ऐसे शिविरों के माध्यम से आवश्यक जांच, विशेषज्ञ परामर्श और उपचार की सुविधाएं लोगों को उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराई जाएं।

शिविर के सफल आयोजन में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर, आशा कार्यकत्रियों, एएनएम सहित स्वास्थिशील गुरानी, सुरेंद्र बिष्ट, दिनेश रावत, जगमोहन रौतेला, किरण कांडपाल, आरडी कत्यूर और जिला आईईसी अधिकारी दीवान बिष्ट ने सहयोग किया।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page