Nainital: कृषि उपकरण लेकर जा रहा कैंटर खाई में गिरा, चालक की मौत, सहायक कृषि अधिकारी समेत तीन घायल

खबर शेयर करें

भीमताल (नैनीताल)। नैनीताल जिले के ओखलकांडा क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में कैंटर चालक की मौत हो गई, जबकि सहायक कृषि अधिकारी समेत तीन लोग घायल हो गए। कृषि विभाग के उपकरण लेकर जा रहा कैंटर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा पलटा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और खाई में गिरे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे ओखलकांडा क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि कैंटर में कृषि विभाग से संबंधित उपकरण ले जाए जा रहे थे। वाहन में चालक के अलावा कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य लोग भी सवार थे। इसी दौरान कैंटर अचानक अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते गहरी खाई में जा गिरा।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: जीएसटी फर्जीवाड़े पर एसआईबी का छापा, 1.20 करोड़ की वसूली

कैंटर के खाई में गिरते ही जोरदार आवाज हुई। आसपास मौजूद लोगों को हादसे की जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। खाई काफी गहरी होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने किसी तरह घायलों तक पहुंचकर उन्हें बाहर निकाला और उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा पहुंचाया।

हादसे में कैंटर चालक कमल जोशी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में सहायक कृषि अधिकारी दीवान सिंह मेहता, रोहित कुमार और पंकज बिष्ट घायल हुए हैं। स्थानीय समाजसेवी प्रकाश नैनवाल ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

यह भी पढ़ें 👉  BREAKING NEWS: उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल...कई IAS-PCS अधिकारियों के तबादले, एपी बाजपेई हल्द्वानी सिटी मजिस्ट्रेट बने

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद सहायक कृषि अधिकारी दीवान सिंह मेहता और पंकज बिष्ट की हालत को देखते हुए उन्हें हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) रेफर कर दिया गया। दोनों को बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा गया है। वहीं घायल रोहित कुमार का भी उपचार किया जा रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही मौके के लिए रवाना हुए कैड़ा

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हादसे की जानकारी मिलने पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा भी मौके के लिए रवाना हुए। उन्होंने जिला प्रशासन से मृतक कैंटर चालक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने को कहा है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: बोर्ड परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा...8 ‘मुन्ना भाई-मुन्नी बहन’ गिरफ्तार, प्रवेश पत्र पर फोटो बदलकर दे रहे थे हाईस्कूल की परीक्षा

मंत्री ने अधिकारियों को घायलों के उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने और उन्हें बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।

खाई में गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त

हादसे में कैंटर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है। वाहन के अनियंत्रित होने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page