मातृ दिवस पर ममता हुई शर्मसार, बड़ी मां ने तीन साल के मासूम की कर दी हत्या

खबर शेयर करें

दमोह (मध्य प्रदेश): जिले में मातृ दिवस के बीच रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। तेजगढ़ थाना क्षेत्र के महुआखेड़ा गांव में तीन वर्षीय मासूम अनिरुद्ध सिंह लोधी की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जिस बड़ी मां की गोद में बच्चा खेलता था, वही उसकी कातिल निकली।

पुलिस जांच में सामने आया कि पारिवारिक जमीन विवाद के चलते आरोपी महिला राजकुमारी लोधी ने पहले मासूम का अपहरण किया और फिर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। पहचान मिटाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए बच्चे के सिर पर पत्थर भी पटक दिया गया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर अनिरुद्ध घर के आंगन में खेल रहा था, तभी वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश के बाद पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, डॉग स्क्वॉड और SDRF टीम को सर्च ऑपरेशन में लगाया गया। पूरी रात गांव और आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान चलता रहा। यहां तक कि संदेह के आधार पर एक गहरे कुएं का पानी भी खाली कराया गया, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: नो पार्किंग जोन में वाहनों पर पुलिस की सख्ती, 261 चालकों पर कार्रवाई

शनिवार दोपहर घर से करीब 50 मीटर दूर खेत में रखे भूसे के ढेर पर मासूम का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। शव पर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका गहरा गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदोरिया और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची।

यह भी पढ़ें 👉  ईरान पर ट्रंप का अल्टीमेटम: ‘समझौता नहीं तो तबाही तय’, स्पेन ने अमेरिकी विमानों के लिए एयरस्पेस किया बंद

जांच के दौरान पुलिस ने परिवार और ग्रामीणों से गहन पूछताछ की। इसी दौरान आरोपी महिला राजकुमारी लोधी के बयान संदिग्ध पाए गए। पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या करना कबूल कर लिया।

रविवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम में मामले का खुलासा करते हुए एसपी आनंद कलादगी ने बताया कि आरोपी महिला ने पहले बच्चे को जहर देकर मारने की कोशिश की थी। जब बच्चा तड़पने लगा तो उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए सिर पर पत्थर पटक दिया और शव को रात के अंधेरे में भूसे एवं कचरे के ढेर पर फेंक दिया, ताकि मामला अपहरण का प्रतीत हो।

यह भी पढ़ें 👉  प्रीमियम पेट्रोल महंगा: 20 मार्च से दाम में ₹2 तक बढ़ोतरी, आम पेट्रोल उपभोक्ताओं को राहत

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि परिवार में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपी महिला ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

घटना के बाद पूरे महुआखेड़ा गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। जिस बच्चे की तलाश में पूरा गांव रातभर जुटा रहा, उसका शव मिलने के बाद परिजन बदहवास हो गए। ग्रामीणों ने आरोपी महिला के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page