ग्रेटर नोएडा की इलेक्ट्रॉनिक चिप फैक्ट्री में भीषण आग, रेस्क्यू के दौरान दीवार गिरी, दो दमकल कर्मियों की मौत, तीन घायल

खबर शेयर करें

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक चिप निर्माण कंपनी में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग पर काबू पाने के दौरान कंपनी की एक दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आकर दो दमकलकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव अभियान तेज कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार सोमवार मध्यरात्रि आईएलजीआईएम कंपनी में आग लगने की सूचना मिलते ही ईकोटेक-3 थाना पुलिस और फायर सर्विस की कई टीमें दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचीं। कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने का कार्य होता है। दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे ही थे कि अचानक कंपनी की साइड की दीवार और लोहे का बीम भरभराकर गिर पड़ा।

यह भी पढ़ें 👉  बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन अटैक: ग्रीन जोन में धमाके, परिसर में लगी आग, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

हादसे में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, फायरमैन अमित कुमार और फायरमैन रोहित यादव मलबे में दब गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य दमकलकर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

यह भी पढ़ें 👉  बुशहर में अमेरिकी ड्रोन मार गिराने का दावा, होर्मुज जलडमरूमध्य में फिर बढ़ा तनाव

अस्पताल में चिकित्सकों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार का इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार तीनों घायल दमकलकर्मियों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। एसडीआरएफ और पुलिस ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाकर पूरे परिसर का निरीक्षण किया।

यह भी पढ़ें 👉  UKSSSC पेपर लीक कांड: मास्टरमाइंड मो. खालिद का नया फर्जीवाड़ा बेनकाब, एक और एफआईआर दर्ज

काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों मृत दमकलकर्मियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page