मोगादिशु: सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास समुद्री लुटेरों ने कैमरून के झंडे वाले कार्गो जहाज एम/वी लुटुफ को हाईजैक कर लिया। जहाज पर तुर्किये के हथियारों के अलावा संचार और सैटेलाइट उपकरण भी लदे होने की जानकारी सामने आई है। जहाज के चालक दल में छह भारतीय नागरिकों समेत 10 लोग शामिल थे। हाईजैक के बाद जहाज को पुंटलैंड के तट की ओर ले जाया गया।
एक सोमाली अधिकारी के मुताबिक, जहाज को सोमवार को पुंटलैंड के ईयल जिले में मारेया से करीब साढ़े तीन नॉटिकल मील दूर कब्जे में लिया गया। अधिकारी ने संवेदनशील मामले के कारण नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर जानकारी दी।
चालक दल में छह भारतीय
अधिकारी के अनुसार, एम/वी लुटुफ के 10 सदस्यीय चालक दल में छह भारतीय, एक तुर्किये का नागरिक, एक जॉर्जियाई नागरिक और दो सर्बियाई सुरक्षा गार्ड शामिल हैं। जहाज का मालिकाना हक पोलर मूवमेंट शिपिंग के पास बताया गया है।
हाईजैक की घटना के बाद जहाज को पुंटलैंड के नुगाल तट की ओर ले जाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, इस दौरान करीब आठ समुद्री लुटेरों ने जहाज पर कब्जा किया था।
तुर्किये के लिए ले जाया जा रहा था हथियारों का सामान
बताया जा रहा है कि एम/वी लुटुफ तुर्किये के हथियार लेकर जा रहा था। यह सामान मोगादिशु में स्थित तुर्किये के सैन्य प्रशिक्षण केंद्र के लिए भेजा जा रहा था। जहाज पर हथियारों के साथ संचार और सैटेलाइट उपकरण भी मौजूद थे।
घटना के बाद तुर्किये के अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पहले भी हाईजैक में शामिल था यही समूह?
सोमाली अधिकारी के मुताबिक, जहाज पर कब्जा करने वाला समूह वही हो सकता है, जिसके बारे में माना जाता है कि उसने 26 अप्रैल को M/V Sward को भी हाईजैक किया था। हाईजैक के बाद लुटेरे एम/वी लुटुफ को पुंटलैंड के डांगोरोयो जिले में गारमाल के पास तट की ओर ले गए।
इसके बाद तुर्किये के स्वामित्व वाले दो जहाज हाईजैक किए गए पोत के करीब पहुंचे। क्षेत्र में तुर्किये के हेलिकॉप्टर और ड्रोन भी निगरानी करते देखे गए।
खाट पहुंचाने के बाद हुआ हवाई हमला
मंगलवार को दो लोगों को लेकर एक छोटी नाव हाईजैक किए गए जहाज के पास पहुंची। बताया गया कि नाव से जहाज पर खाट पहुंचाया गया। सोमालिया में खाट एक उत्तेजक पदार्थ है, जिसे आम तौर पर चबाया जाता है।
अधिकारी के अनुसार, छोटी नाव के तट पर लौटने के बाद इलाके में हवाई हमला हुआ। हमले में चार लोगों की मौत और दो अन्य के घायल होने की जानकारी है। हालांकि, इस हमले की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
यह भी स्पष्ट नहीं है कि हमला किसने किया और मारे गए लोग समुद्री लुटेरों के समूह का हिस्सा थे या नहीं।
भारतीय चालक दल की स्थिति पर नजर
फिलहाल एम/वी लुटुफ, उसके चालक दल और जहाज पर लदे सामान की मौजूदा स्थिति स्पष्ट नहीं है। छह भारतीय नागरिकों समेत सभी चालक दल के सदस्यों की स्थिति को लेकर भी तत्काल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
